देश की खबरें | पुडुचेरी में कोविड-19 के नये मामलों में गिरावट

पुडुचेरी, 21 फरवरी केंद्र-शासित प्रदेश पुडुचेरी में कोविड-19 के नये ममालों में कमी आई है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि पिछले 24 घंटे के दौरान केवल 22 नये मामले दर्ज किए गये।

केंद्र-शासित प्रदेश में अब कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,65,619 हो गई है। स्वास्थ्य निदेशक जी श्रीरामुलु ने एक विज्ञप्ति जारी करके बताया कि 1,062 नमूनों की जांच के बाद 22 नए मामलों की पुष्टि की गई। इसके मुताबिक पुडुचेरी में 15, कराईकल में छह और यनम में एक कोविड मरीज मिला, जबकि माहे में संक्रमण का कोई नया मामला नहीं मिला।

केंद्र शासित प्रदेश में रविवार को कोविड-19 के 33 नये मामले दर्ज किये गये थे। केंद्रशासित प्रदेश में इलाज करा रहे कोविड मरीजों की संख्या रविवार के 419 के मुकाबले सोमवार को 363 थी। इसमें से 19 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, शेष 344 घर पर पृथकवास में हैं।

स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने कहा कि सोमवार को सुबह 10 बजे तक 24 घंटे के दौरान 78 मरीज ठीक हो गए। अब तक कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की कुल संख्या 1,63,296 है। श्रीरामुलु ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान चार क्षेत्रों में से किसी में भी किसी के मरने की खबर नहीं है और मरने वालों की कुल संख्या 1,960 पर स्थिर है।

स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 22,03,622 नमूनों की कोविड जांच की है, जिनमें से 18,48,948 नकारात्मक पाए गए हैं। केंद्रशासित प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 2.07 प्रतिशत है, जबकि कोविड मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है। कोविड से ठीक होने की दर 98.60 प्रतिशत है। श्रीरामुलु ने कहा कि अब तक कोविड-19 टीके की 15,69,840 खुराकें दी गई हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)