देश की खबरें | नौसेना दिवस 2022 विशाखापत्तनम के बाहर मनाने का निर्णय: सूत्र

नयी दिल्ली, 20 सितंबर प्राधिकारियों ने इस साल के अंत में वार्षिक नौसेना दिवस समारोह विशाखापत्तनम के बाहर आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह जानकारी सूत्रों ने मंगलवार को दी।

सूत्रों ने कहा कि नये स्थल के चयन को अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है, लेकिन इसके लिए मुंबई पर विचार किया जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों ने इससे पहले दिन में कहा था कि अगले साल सेना दिवस परेड दिल्ली के बाहर आयोजित की जाएगी।

वायुसेना के अधिकारियों ने हाल ही में कहा था कि इस साल 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस भी गाजियाबाद में हिंडन एयरबेस के पारंपरिक स्थल के बाहर आयोजित किया जाएगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या नौसेना दिवस समारोह को भी विशाखापत्तनम के बाहर किसी स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा, नौसेना के एक सूत्र ने कहा, "हां।’’ सूत्र ने साथ ही इस बात पर जोर दिया कि "नये स्थल को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है।’’

भारतीय नौसेना की वेबसाइट के अनुसार, ‘‘ऑपरेशन ट्राइडेंट की याद में देश हर साल 4 दिसंबर को नौसेना दिवस मनाता है। 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान इस दिन भारतीय नौसेना के जहाजों ने कराची बंदरगाह पर घातक एवं शक्तिशाली मिसाइल हमला किया था, जिसने भारत की एक बड़ी जीत का मार्ग प्रशस्त किया था और सर्वोच्च बलिदान देने वालों की याद में यह दिवस मनाया जाता है।’’

ऐतिहासिक दिवस को भव्य समारोहों के साथ मनाने के लिए हर साल विशाखापत्तनम में बड़ी संख्या में भारतीय नौसेना के जहाज और विभिन्न श्रेणी एवं क्षमता के अन्य जहाज एकत्रित होते हैं।

पिछले साल भारत ने 1971 के युद्ध की जीत की स्वर्ण जयंती भी ‘स्वर्णिम विजय वर्ष’ के रूप में मनाई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)