देश की खबरें | दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का निधन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का रविवार को निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।
हैदराबाद, 13 जुलाई तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता एवं पूर्व विधायक कोटा श्रीनिवास राव का रविवार को निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।
फिल्म जगत से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी कि कई वर्षों से अस्वस्थ राव ने रविवार तड़के अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
श्रीनिवास राव ने अपने चार दशक से भी अधिक के करियर में 750 फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने 1978 में ‘प्रणाम खरीदु’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।
‘सत्रुवु’, ‘अहा! ना पेलंता’, ‘हेलो ब्रदर’, ‘मनी’, निर्देशक राम गोपाल वर्मा की ‘शिवा’ और ‘गयाम’ जैसी फिल्मों ने श्रीनिवास राव को अपार प्रसिद्धि दिलाई।
पद्मश्री से सम्मानित श्रीनिवास राव 1999 से 2004 तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रहे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी, अभिनेता से नेता बने एवं आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और कई अन्य नेताओं ने श्रीनिवास राव के निधन पर शोक व्यक्त किया।
पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष एन रामचंद्र राव और भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पीवीएन माधव ने श्रीनिवास राव के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
चिरंजीवी, जूनियर एनटीआर, प्रमुख निर्माता डी सुरेश बाबू, अभिनेता मुरली मोहन और कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने श्रीनिवास राव के निधन पर शोक व्यक्त किया।
श्रीनिवास राव के करीबी मित्र एवं लोकप्रिय अभिनेता शिवाजी राजा ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि श्रीनिवास राव के छोटे भाई एवं अभिनेता कोटा शंकर राव के हैदराबाद पहुंचने के बाद परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार की तारीख तय करेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 11:48 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

