देश की खबरें | सड़क दुर्घटना में हुई युवती की मौत, परिजनों का आरोप हादसे की वजह छेड़खानी है
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बुलंदशहर (उप्र), 11 अगस्त बुलंदशहर में दो पहिया वाहन के दुर्घनाग्रस्त होने पर 20 वर्षीय सुदीक्षा भाटी की मौत के मामले में उसके परिजनों ने दावा किया है कि हादसे की वजह मोटरसाइकिल पर सवार लड़के थे जो कथित तौर पर युवती का पीछा करते हुए उसे परेशान कर रहे थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि घटना सोमवार सुबह औरंगाबाद इलाके में हुई। सुदीक्षा मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी थी, वाहन उसका छोटा एवं नाबालिग भाई चला रहा था। दोनों दादरी में स्थित अपने घर से खानपुर इलाके में अपने मामा के घर जा रहे थे।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश: CM योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सहजनवा में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया : 11 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया, ‘‘रास्ते में ट्रैफिक था। उनके आगे चल रही बुलेट ब्रेक लगने के कारण अचानक से रूक गई जिसके कारण सुदीक्षा और उसके भाई की मोटरसाइकिल उससे पीछे की तरफ से टकरा गई।’’

उन्होंने सुदीक्षा के भाई तथा हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त शुरुआती जानकारी के आधार पर बताया, ‘‘इसमें लड़की को चोट आई, उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।’’

यह भी पढ़े | Manish Sisodia ने कहा- बोर्ड परीक्षा को सरल बनाने के प्रस्ताव से छात्रों के रट्टा लगाने की समस्या हल नहीं होगी.

सुदीक्षा के परिवार का आरोप है कि रास्ते में कुछ अज्ञात लोग उसे परेशान कर रहे थे और हादसे की यही वजह है। इसके बाद बुलंदशहर जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए।

सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में सुदीक्षा का भाई कहता नजर आ रहा है, ‘‘हम मोटरसाइकिल पर थे जो 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। बुलेट सवार कुछ व्यक्ति हमारे नजदीक चल रहे थे, उन्होंने अचानक ब्रेक लगा दिए। बुलेट की नंबर प्लेट पर ‘जाट ब्वॉयज’ लिखा था और वाहन का नंबर यूपी 13 से शुरू हो रहा था।’’

एएसपी श्रीवास्तव ने हालांकि कहा कि घटना के वक्त लड़की के भाई ने पुलिस को छेड़छाड़ के बारे में कुछ नहीं बताया था।

जिला मजिस्ट्रेट रवींद्र कुमार ने कहा, ‘‘छेड़छाड़ के आरोपों की हम जांच कर रहे हैं। संबंधित लोगों के बयान दर्ज करेंगे, वीडियो फुटेज भी जुटा रहे हैं। तर्क-वितर्कों पर भी ध्यान दिया जाएगा तथा सबूतों के आधार पर जांच होगी।’’

उन्होंने यह भी साफ किया कि सुदीक्षा जिस वाहन पर बैठी थी उसे उसके मामा नहीं बल्कि छोटा भाई चला रहा था। इससे पहले कुछ लोगों ने जानकारी दी थी कि वाहन युवती के मामा चला रहे थे।

डीएम ने कहा कि युवती के मामा के मुताबिक मोटरसाइकिल उसका छोटा एवं नाबालिग भाई चला रहा था और उसने हेलमेट भी नहीं पहना था।

उन्होंने यह भी बताया कि बुलंदशहर के अधिकारी दादरी में सुदीक्षा के परिवार से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन फोन पर उनसे बात नहीं हो पा रही है। अधिकारियों को उसके घर भेजा गया है तथा मामले की जांच चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)