नयी दिल्ली, 26 जुलाई उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में एक छोटी विनिर्माण इकाई की छत ढहने से फैक्टरी में काम कर रहे एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा लोहे के स्टैंड बनाने वाले एक कारखाने में शुक्रवार शाम करीब छह बजे हुआ था।
पुलिस के अनुसार, इमारत की छत अचानक गिर गई, जिससे ताजिम और अकरम नामक दो मजदूर घायल हो गए। दोनों की उम्र करीब 25 साल हैं।
उसने बताया कि घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। ताजिम का इलाज चल रहा है, जबकि अकरम ने शनिवार को दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 290 (लापरवाह आचरण), 125 ए (मानव जीवन को खतरे में डालना) और 3(5) (संयुक्त दायित्व) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। मजदूर की मौत के बाद प्राथमिकी में धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु) भी जोड़ी गई है।
इस बीच, पुलिस ने कहा कि जवाबदेही तय करने के लिए यह जांच की जा रही है कि संरचना के निर्माण एवं रखरखाव में सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन तो नहीं किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY