देश की खबरें | बेटी की हत्या का मुकदमा वापस लेने से मना करने पर महिला पर जानलेवा हमला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में अपनी नाबालिग बेटी की हत्या का मुकदमा वापस लेने से इनकार करने पर दो लोगों ने एक महिला पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
नोएडा, 13 जुलाई उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में अपनी नाबालिग बेटी की हत्या का मुकदमा वापस लेने से इनकार करने पर दो लोगों ने एक महिला पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
थाना फेस- वन के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मान ने बताया कि शनिवार रात गीता ने थाने में शिकायत दी कि नौ जुलाई को शाम के समय वह काम करके हरौला से सेक्टर 10 स्थित अपने घर जा रही थी तभी सेक्टर दो के लेबर चौक के पास स्कूटी सवार दो लोगों ने उसपर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, हमले में वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी और आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से भाग गए। उसने बताया कि आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। महिला ने बताया कि हमलावरों ने हेलमेट पहना हुआ था।
महिला के अनुसार, अस्पताल से उपचार करवाने के बाद उसने शनिवार रात थाने में शिकायत दी।
थाना प्रभारी के मुताबिक, महिला ने पुलिस को बताया कि नौ अक्टूबर 2023 को उसकी नाबालिग बेटी की गला घोटकर हत्या कर दी गई थी और इस मामले में वीरू नामक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल 2025 को उच्च न्यायालय से वीरू को जमानत मिल गई।
महिला का आरोप है कि जमानत मिलने के बाद वीरू और उसके परिवार के लोग उसपर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बना रहे हैं, तथा उसके साथ गाली-गलौज कर रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने मुकदमा वापस लेने से मना कर दिया तो साजिश के तहत उसपर आरोपियों ने जानलेवा हमला करवाया।
मान ने बताया कि इस मामले में महिला की शिकायत पर वीरू, हरगोविंद, हरगोविंद की पत्नी सुखराज ,रवि ,मनोज, लक्ष्मी तथा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

