डिविलियर्स से टीम की कमान संभालने को कहा था क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने
विस्फोटक बल्लेबाज डिविलियर्स ने मई 2018 में सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की थी लेकिन पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी की खबरें आ रही हैं।
मुंबई, 29 अप्रैल क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने एबी डिविलियर्स को फिर से राष्ट्रीय टीम की कमान संभालने के बारे में पूछा था लेकिन वह राष्ट्रीय टीम में तभी वापसी करना चाहते हैं जब वह अपनी शीर्ष फार्म में हों।
विस्फोटक बल्लेबाज डिविलियर्स ने मई 2018 में सभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रारूपों से संन्यास लेने की घोषणा की थी लेकिन पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी की खबरें आ रही हैं।
डिविलियर्स (36 वर्ष) ने स्टार स्पोर्ट्स शो ‘क्रिकेट कनेक्टिड’ में कहा, ‘‘मेरी इच्छा है कि मैं दक्षिण अफ्रीका के लिये खेलूं और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका मुझे फिर से टीम की अगुआई करने के बारे में पूछ चुका है। ’’
दक्षिण अफ्रीका के लिये 114 टेस्ट, 228 वनडे और 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके पूर्व कप्तान ने कहा कि वह तभी वापसी करेंगे जब उन्हें लगेगा कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिये अच्छे हैं, हालांकि वह फ्रेंचाइजी टीमों के लिये लगातार खेलते रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिये सबसे अहम चीज यह है कि मुझे अपनी शीर्ष फार्म में होना होगा और साथ ही मेरे साथ में जो खिलाड़ी है, मुझे उससे बेहतर होना होगा। अगर मुझे लगता है कि मैं टीम में जगह बनाने का हकदार हूं तो यह मेरे लिये आसान हो जायेगा क्योंकि इससे मैं महसूस करूंगा कि मुझे अंतिम एकादश का हिस्सा होना चाहिए। ’’
डिविलियर्स ने कहा, ‘‘मैं इतने समय से टीम का हिस्सा नहीं हूं और मुझे लगता है कि यह मेरे और अन्य लोगों के लिये भी महत्वपूर्ण है कि मैं अब भी इतना अच्छा खेलता हूं कि टीम में जगह बना सकूं। ’’
दक्षिण अफ्रीका के कोच मार्क बाउचर ने पहले कहा था कि आस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप के लिये राष्ट्रीय टीम में डिविलियर्स के नाम पर तभी विचार किया जा सकता है जब वह अच्छी फार्म में हों और अपने स्थान के लिये खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 02:01 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

