देश की खबरें | दारुल उलूम 'देवबंद' ने पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी की निंदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विश्‍व प्रख्यात इस्लामी शिक्षण संस्था दारुल उलूम देवबंद ने पैगंबर मोहम्मद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा दिए गए विवादित बयान की मंगलवार को निंदा की है और सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सहारनपुर (उप्र), सात जून विश्‍व प्रख्यात इस्लामी शिक्षण संस्था दारुल उलूम देवबंद ने पैगंबर मोहम्मद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा दिए गए विवादित बयान की मंगलवार को निंदा की है और सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम (कुलपति) मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में कहा, ‘’देश के मुसलमान, देश की सुरक्षा और शान्ति के लिये आज भी बहुत कुछ सहन कर रहे हैं, लेकिन पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शान में गुस्ताखी बिल्कुल असहनीय और नाकाबिल-ए-बर्दाश्त है, जिस पर चुप रहना संभव नहीं है।''

गौरतलब है कि भाजपा ने पैगंबर मोहम्मद पर दिए गए विवादित बयानों के लिए रविवार को अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा को पार्टी से निलंबित कर दिया था, जबकि दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

मौलाना नोमानी ने कहा, “हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष मुल्क है जो सभी धर्मों को सुरक्षा प्रदान करता है लेकिन पिछले कुछ वर्षों में साम्प्रदायिक तत्वों द्वारा धार्मिक भावनाओं को आहत करने और अज़ीम हस्तियों की शान में गुस्ताखी करना आम बात हो गई है।''

उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक हस्तियों और धार्मिक पुस्तकों को भी निशाना बनाया जा रहा है जिससे देश में साम्प्रदायिकता बढ़ रही है, जो विश्व स्तर पर देश की धर्मनिरपेक्षता और न्यायपूर्ण छवि को नुकसान पहुंचा रही है।

नोमानी ने हाल में पैगंबर मोहम्मद पर की गई अपमानजनक टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने ने सरकार से कानून को और अधिक सख्त बनाने की मांग करते हुए इस पर ठोस और जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया ताकि दुनिया में देश की धर्मनिरपेक्ष छवि और मान सम्मान बरकरार रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\