देश की खबरें | दानवे, अंधारे ने उद्धव गुट पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के लिए गोरहे की आलोचना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने रविवार को शिवसेना एमएलसी नीलम गोरहे की आलोचना की, जिन्होंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
मुंबई, 23 फरवरी शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने रविवार को शिवसेना एमएलसी नीलम गोरहे की आलोचना की, जिन्होंने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।
हाल ही में दिल्ली में आयोजित 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य महोत्सव में, महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति गोरहे ने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) में पद पैसे के माध्यम से प्राप्त किए जाते हैं, जिसमें उपहार में मर्सिडीज कार देना भी शामिल है।
इस पर पलटवार करते हुए विधान परिषद में विपक्ष के नेता दानवे ने कहा कि गोरहे को पार्टी के बारे में कोई समझ नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी पार्टी ने मुझसे कभी एक रुपया भी नहीं मांगा। मैंने ग्रामीण इलाके में एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर विधान परिषद में विपक्ष के नेता तक का सफर तय किया है। अगर गोरहे ने जो कहा, वह सच होता, तो मातोश्री (उद्धव ठाकरे का बांद्रा स्थित आवास) पर मर्सिडीज गाड़ियों की लाइन लगी होती।’’
दानवे की सहयोगी सुषमा अंधारे ने भी गोरहे पर हमला करते हुए कहा कि गोरहे ने (अविभाजित) शिवसेना में 30 साल बिताए हैं और उनका काफी प्रभाव था।
अंधारे ने कहा, "अगर वह दावा करती हैं कि भ्रष्टाचार है, तो उन्हें अपने कार्यकाल के दौरान अपनी कमाई का हिसाब देना चाहिए। गोरहे को यह बताना चाहिए कि पार्टी के साथ लंबे जुड़ाव से उन्हें कितना लाभ हुआ है।’’
जून 2022 में शिवसेना में विद्रोह के बाद शिवसेना के विभाजन के कुछ समय बाद गोरहे एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए।
इस बीच, दानवे ने यह भी पूछा कि क्या साहित्यिक सम्मेलनों का इस्तेमाल राजनीतिक आरोप लगाने के लिए इस तरह से करना उचित है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)