जरुरी जानकारी | डाबर का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 2.85 प्रतिशत घटा, आय छह प्रतिशत बढ़ी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी जुलाई-सितंबर की तिमाही में 2.85 प्रतिशत घटकर 490.86 करोड़ रुपये रह गया।

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली कंपनी डाबर इंडिया लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी जुलाई-सितंबर की तिमाही में 2.85 प्रतिशत घटकर 490.86 करोड़ रुपये रह गया।

डाबर इंडिया ने बुधवार को शेयर बाजार को भेजी सूचना में यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में कंपनी ने 505.31 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

हालांकि, कंपनी की परिचालन आय 2022-23 की दूसरी तिमाही में छह प्रतिशत बढ़कर 2,986.49 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 2,817.58 करोड़ रुपये थी।

डाबर इंडिया का कुल खर्च भी आलोच्य तिमाही में 8.94 प्रतिशत बढ़कर 2,471.28 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की इसी अवधि में यह 2,268.47 करोड़ रुपये था।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मोहित मल्होत्रा ​​ने कहा, ‘‘चुनौतीपूर्ण आर्थिक परिस्थितियां चिंता का विषय बनी हुई हैं और यह क्रय शक्ति को प्रभावित कर रही हैं। हम त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ सुधार देख रहे हैं।’’

डाबर इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल-सितंबर में 1.23 प्रतिशत फिसलकर 931.92 करोड़ रुपये रह गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 943.61 करोड़ रुपये था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now