देश की खबरें | चक्रवात मोखा: पश्चिम बंगाल के दो जिलों में आपदा प्रबंधन कर्मी हाई अलर्ट पर

कोलकाता/पोर्ट ब्लेयर, 14 मई ‘मोखा’ चक्रवात के रविवार को बांग्लादेश तथा म्यांमा के तटीय इलाकों से टकराने के बाद पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर और दक्षिण 24 परगना जिलों के तटीय इलाकों में आपदा मोचन बल के कर्मी सतर्कता बरत रहे हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा कि गोताखोरों सहित राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) कर्मियों के सात समूहों को पूर्व मेदिनीपुर जिले में दीघा-मंदारमणि तटीय क्षेत्र में तैनात किया गया है, क्योंकि समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन समूह के 100 से अधिक कर्मियों को दक्षिण 24 परगना जिले के बक्खली समुद्र तट पर तैनात किया गया है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।

अधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों को समुद्र के पास जाने से मना किया जा रहा है।

एनडीआरएफ टीम के सदस्य विकास साधु ने कहा, “हम पर्यटकों को समुद्र के पास जाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं, जहां तेज लहरें उठ रही हैं। हम समुद्र तट पर आवाजाही को नियंत्रित कर रहे हैं। हमें अगले कुछ घंटों के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।”

दोनों जिलों में आपात स्थिति के दौरान तटीय क्षेत्रों के निवासियों को निकालने की व्यवस्था की गई है।

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, "हालांकि, मौसम कार्यालय ने अनुमान जताया है कि चक्रवात मोखा पश्चिम बंगाल से नहीं टकराएगा, लेकिन हमने कोई बदलाव होने की स्थिति में सभी एहतियाती कदम उठाए हैं। हमने दक्षिण 24 परगना के पूर्व मेदिनीपुर के निचले तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। इन क्षेत्रों में पर्याप्त राहत सामग्री भेजी गई है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)