एजेंसी न्यूज

चक्रवाती तूफान अम्फान से बड़े स्तर पर नुकसान पहुंच सकता है: मौसम विभाग

उन्होंने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अम्फान प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है और 20 मई को पश्चिम बंगाल के दीघा द्वीप तथा बांग्लादेश के हतिया द्वीपसमूह के बीच दस्तक दे सकता है।

चक्रवाती तूफान अम्फान से बड़े स्तर पर नुकसान पहुंच सकता है: मौसम विभाग
जमात

नयी दिल्ली, 18 मई भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक एम महापात्र ने सोमवार को कहा कि चक्रवाती तूफान अम्फान बहुत प्रचंड है, जो बड़े स्तर पर नुकसान पहुंचा सकता है।

उन्होंने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि अम्फान प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है और 20 मई को पश्चिम बंगाल के दीघा द्वीप तथा बांग्लादेश के हतिया द्वीपसमूह के बीच दस्तक दे सकता है।

इस दौरान हवाओं की रफ्तार 165 से 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है, जो 195 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

महापात्र ने कहा, ‘‘इसके प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में 20 मई की दोपहर बाद या शाम को उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर रुख करने तथा दीघा (पश्चिम बंगाल) एवं हतिया (बांग्लादेश) द्वीपसमूहों के बीच पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटीय क्षेत्रों को पार करने की काफी संभावना है।’’

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में 19 और 20 मई को भारी से काफी मूसलाधार बारिश होगी। इन जिलों में पूर्वी मिदनापुर, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली और कोलकाता हैं।

तूफान के दस्तक देने के दौरान समुद्र से करीब चार से छह मीटर ऊंची तूफानी लहरें आने के कारण दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिलों के निचले इलाके जलमग्न हो सकते हैं।

तटीय ओडिशा में भी 19 मई को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। उत्तरी तटीय ओडिशा में जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, बालासोर, भद्रक और मयूरभंज जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और खोरधा तथा पुरी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

उत्तरी ओडिशा में बालासोर, भद्रक, मयूरभंज, जाजपुर, केंद्रपाड़ा और क्योंझर जिलों में 20 मई को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 19, 2020 12:15 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).