चक्रवात अम्फान को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए: माकपा
उल्लेखनीय है कि अत्यंत भीषण चक्रवात अम्फान से अब तक पश्चिम बंगाल में 72 लोगों की मौत हुई है और इसने कोलकाता और पश्चिम बंगाल तथा ओड़िशा के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
नयी दिल्ली, 21 मई माकपा ने चक्रवात अम्फान को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की बृहस्पतिवार को मांग की। पार्टी ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल और ओडिशा को केंद्र से मदद की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि अत्यंत भीषण चक्रवात अम्फान से अब तक पश्चिम बंगाल में 72 लोगों की मौत हुई है और इसने कोलकाता और पश्चिम बंगाल तथा ओड़िशा के कई हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘राहत एवं पुनर्वास इस वक्त की प्राथमिकता है। देश और लोग कोविड-19 महामारी का पहले से ही सामना कर रहे हैं। दोनों राज्यों के लोगों को सरकार और देश के लोगों से मदद एवं एकजुटता की फौरन जरूरत है। ’’
इसमें कहा गया है, ‘‘केंद्र सरकार को तत्काल इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए और इस आपदा के प्रभावों का सामना कर रहे राज्यों की मदद करनी चाहिए।’’
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने एक ट्वीट में कहा कि चक्रवात अम्फान पहले आये चक्रवातों ‘आइला’ (2009) और ‘बुलबुल’ (2019) से अधिक विनाशकारी है।
येचुरी ने कहा, ‘‘इस नाजुक घड़ी में हम लोगों के साथ हैं, जब वे कोविड-19 महामारी से लड़ रहे है। इस मुश्किल घड़ी में हर किसी को इस आपदा से निपट रहे लोगों की मदद करनी चाहिए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)