देश की खबरें | ऑयल इंडिया लिमिटेड पर साइबर हमला करने वाले ने 57 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. साइबर हमले का शिकार हुए सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उपक्रम ऑयल इंडिया से 75,00,000 अमेरिकी डॉलर (57 करोड़ से अधिक रुपये) की फिरौती मांगी गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गुवाहाटी/डिब्रूगढ़, 13 अप्रैल साइबर हमले का शिकार हुए सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख उपक्रम ऑयल इंडिया से 75,00,000 अमेरिकी डॉलर (57 करोड़ से अधिक रुपये) की फिरौती मांगी गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कंपनी द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ओआईएल के प्रबंधक (सुरक्षा) सचिन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि ओआईएल और सरकारी खजाने को साइबर हमले - रैंसमवेयर के कारण भारी वित्तीय नुकसान हुआ है, क्योंकि आईटी प्रणाली के माध्यम से होने वाला व्यापार गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
साइबर हमला 10 अप्रैल को ओआईएल के भूगर्भीय व जलाशय विभाग के कार्यस्थलों में से किसी एक पर हुआ था, लेकिन इसकी सूचना आईटी विभाग ने मंगलवार को दी।
अधिकारी ने कहा,''प्रारंभिक जांच के बाद पता चला है कि ओआईएल के नेटवर्क, सर्वर और ग्राहकों के पीसी नेटवर्क संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।''
कुमार ने कहा, ''इसके अलावा, यह भी पता चला है कि साइबर हमलावर ने हमले का शिकार हुए एक पीसी के जरिये 75,00,000 अमेरिकी डॉलर की फिरौती मांगी है।''
उन्होंने कहा कि कंपनी का सर्वर, नेटवर्क और अन्य संबंधित सेवाएं प्रभावित हैं।
डिब्रूगढ़ जिले में, असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उन्होंने आईपीसी और आईटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
ओआईएल के प्रवक्ता त्रिदिव हजारिका ने दुलियाजान में कंपनी के फील्ड मुख्यालय से 'पीटीआई-' को बताया कि कंपनी चरणबद्ध तरीके से सिस्टम की मरम्मत पर काम कर रही है और इसमें समय लगेगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)