जरुरी जानकारी | फसल नियोजन बाजार की मांग के अनुरूप हो: मुख्यमंत्री नायडू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कृषि विभाग को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप विशिष्ट फसल लगाने की योजना को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

अमरावती, 22 मई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को कृषि विभाग को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार की मांग के अनुरूप विशिष्ट फसल लगाने की योजना को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

नायडू ने आपूर्ति और मांग के बीच संतुलन सुनिश्चित करने और नुकसान को रोकने के लिए बाजार की स्थिति के आधार पर उपयुक्त फसलों के बारे में किसानों को पहले से सूचित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

नायडू ने एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘किसानों को नुकसान से बचने के लिए केवल उच्च मांग वाली फसलों की खेती करनी चाहिए।’’ उन्होंने अधिकारियों को वैज्ञानिक नियोजन अपनाने और वैश्विक कृषि विकास की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

तंबाकू, कोको, आम और धान जैसी प्रमुख फसलों की समीक्षा के दौरान, उन्होंने किसानों के तात्कालिक और दीर्घकालिक मुद्दों पर चर्चा की।

नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के पास मौजूद कोको स्टॉक को 500 रुपये प्रति किलोग्राम पर खरीदा जाना चाहिए और अगर कंपनियां ऐसा करने में विफल रहती हैं, तो सरकार को सीधे खरीद के लिए कदम उठाना चाहिए।

उन्होंने एक ऐप के माध्यम से एचडी बर्ले तम्बाकू स्टॉक के सटीक पंजीकरण का भी आदेश दिया और बाजार में मांग की कमी के कारण उस किस्म के लिए फसल अवकाश को मंजूरी दी।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री तंबाकू बोर्ड के तहत एचडी और व्हाइट बर्ले किस्मों को शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं और इस सप्ताह दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्रियों के साथ किसानों की चिंताओं पर चर्चा करेंगे।

आम के गूदे की खपत को बढ़ावा देने के लिए, उन्होंने शुद्ध जूस पर माल और सेवा कर (जीएसटी) में कमी करने का सुझाव दिया और मांग बढ़ाने के लिए मध्याह्न भोजन और तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम मंदिर के प्रसाद में इसके उपयोग का प्रस्ताव रखा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\