विदेश की खबरें | रूस निर्मित ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद क्रोएशिया ने नाटो की आलोचना की

रूस निर्मित मानवरहित विमान (ड्रोन) क्रोएशिया की राजधानी के निकट एक खेत में बृहस्पतिवार की देर शाम दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले रोमानिया और हंगरी में भी घुसा था। इस दुर्घटना में पार्क की गयी 40 कार क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

नाटो ने कहा है कि संगठन के समेकित एयर एवं मिसाइल डिफेंस ने ड्रोन के उड़ान मार्ग का पता कर लिया था, लेकिन क्रोएशियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं दी गयी थी। उन्होंने कहा कि नाटो की प्रतिक्रिया केवल तभी आई थी जब पत्रकारों ने सवाल किये थे।

प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेनकोविक ने घटनास्थल का दौरा करने के दौरान कहा, ‘‘हम यह स्थिति बर्दाश्त नहीं कर सकते, न ही यह चाहेंगे कि फिर कभी ऐसी घटना हो।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट रूप से खतरा था और नाटो और यूरोपीय संघ दोनों को प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी।’’

गौरतलब है कि सोवियत संघ के जमाने का विमान टीयू-141 ‘स्ट्रिज’ हंगरी के वायुक्षेत्र में 40 मिनट तक उड़ता रहा था और छह-सात मिनट क्रोएशिया में उड़ने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इससे पहले रोमानिया के रक्षा अधिकारियों ने कहा था कि ड्रोन उसके वायुक्षेत्र में केवल तीन मिनट उड़ा था, इसलिए उसे इंटरसेप्ट नहीं किया जा सका।

प्लेनकोविक ने हंगरी के अधिकारियों से अपील की है कि वे इस बात की जांच करें आखिर उसकी रक्षा प्रणाली क्यों पकड़ नहीं पाई।

इस बीच रूस और ड्रोन दोनों ने ही ड्रोन भेजने से इनकार किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)