एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में अपराधियों का ‘भाजपाईकरण’ हो गया: अखिलेश यादव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अपराधी कहीं गए नहीं है, बल्कि उनका ‘भाजपाईकरण’ हो गया है।

देश की खबरें | उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में अपराधियों का ‘भाजपाईकरण’ हो गया: अखिलेश यादव

लखनऊ, 20 सितंबर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अपराधी कहीं गए नहीं है, बल्कि उनका ‘भाजपाईकरण’ हो गया है।

शुक्रवार को सपा मुख्यालय से जारी एक बयान में यादव ने कहा कि अपराध और कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का भाजपा सरकार का दावा फेल है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अपराधियों ने एक साधु की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी।

यादव ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में सफाईकर्मचारी से इस साल 16 से 25 अगस्त तक कई बार सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना में सत्ता दल से संबंधित लोग आरोपी हैं। महिलाएं आस्था के स्थान पर भी सुरक्षित नहीं हैं।

अयोध्या के कैंट थाने में पीड़ित युवती के द्वारा दर्ज कराई गयी प्राथमिकी के अनुसार, 16 से 25 अगस्त के बीच तीन अलग-अलग मौकों पर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

सामूहिक दुष्कर्म के आरोप पर पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अयोध्या के पुलिस अधीक्षक (शहर) मधुवन सिंह ने बताया था कि गिरफ्तार किये गए लोगों की पहचान वंश, विनय, शारिक, शिवा और उदित के रूप में हुई है।

पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में महिला ने दावा किया, “वह अयोध्या में राम जन्मभूमि पर सफाईकर्मचारी के रूप में काम करती है और एक स्थानीय महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा है।”

सपा प्रमुख ने कहा, ''यह घटनाएं उत्तर प्रदेश में बेखौफ घूम रहे दुर्दांत गैंग का सच सामने ला रही हैं। प्रदेश में हर दिन हत्याएं हो रही हैं। अपराधियों में प्रशासन का कोई डर नहीं है।''

उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर है, लेकिन भाजपा सरकार बेशर्मी से अपने कुकर्मो पर पर्दा डालती रहती है।

अखिलेश यादव ने कहा, ''भाजपा सरकार के लोग जब यह कहते है कि अपराधी प्रदेश छोड़कर भाग गए हैं, तो वह सच से मुंह मोड़ रहे होते हैं। दरअसल भाजपा सरकार में अपराधी कहीं नहीं गए हैं, उनका भाजपाईकरण हो गया है।''

उन्होंने दावा किया, ‘‘तमाम दबंगों, अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। सरकार हर स्तर पर भेदभाव करती है।''

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि जाति और धर्म देखकर सजाएं तय की जाती हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता दल से जुड़े असामाजिक तत्वों को छूट मिलती है और विपक्षियों के घरों पर बुलडोजर की कार्रवाई में देर नहीं लगती है, इसीलिए अपराध की घटनाएं कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 20, 2024 07:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).