बिना दर्शकों के क्रिकेट अजीब होगा लेकिन यह खेल का विशुद्ध रूप: बटलर
उन्होंने कहा कि हालांकि इसका यह फायदा होगा कि यह खेल अपने ‘विशुद्ध रूप’ में पहुंच जाएगा जहां खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धा को कोई नहीं देखेगा।
लंदन, पांच मई इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने कहा कि कोविड-19 महामारी से निपटने के बाद जब क्रिकेट की वापसी होगी तब बिना दर्शकों के खेलना काफी ‘अजीब’ होगा।
उन्होंने कहा कि हालांकि इसका यह फायदा होगा कि यह खेल अपने ‘विशुद्ध रूप’ में पहुंच जाएगा जहां खिलाड़ियों की प्रतिस्पर्धा को कोई नहीं देखेगा।
बटलर ने लंकाशर क्रिकेट को दिये साक्षात्कार में कहा, ‘‘ क्रिकेट की वापसी को लेकर मेरे मन में एक दिलचस्प बात सामने आयी है। अगर यह बिना दर्शकों के खेला जाएगा। मुझे पता है पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर यह काफी अजीब होगा लेकिन यह आपको उस दौर में ले जाएगा जब यह खेल शुरू हुआ था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपको खेलते हुए देखने वाला कोई नहीं होगा और आप खेल रहे होंगे क्योंकि आपको इस खेल से प्यार है। मुझे पता है कि यह अलग होगा क्योंकि आपने इसके दूसरे पक्ष का अनुभव किया है लेकिन यह क्रिकेट का विशुद्ध रूप है।’’
इस वैश्विक महामारी के कारण इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक जुलाई तक देश में सभी तरह के क्रिकेट पर रोक लगा दी है। इस साल ऑस्ट्रेलिया में प्रस्तावित टी20 विश्व कप पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।
बटलर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल क्रिकेट की वापसी होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 05, 2020 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

