भारत के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला पर विचार कर रहा है क्रिकेट आस्ट्रेलिया
भारतीय टीम का आस्ट्रेलिया दौरा अक्टूबर में टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला से शुरू होगा और दिसंबर में चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला से खत्म होगा । इस बीच में टी20 विश्व कप है जो 18 अक्टूबर से शुरू होगा लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे लेकर अनिश्चितता की स्थिति है ।
सिडनी, 21 अप्रैल कोरोना वायरस महामारी के कारण हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई की कोशिश में जुटा क्रिकेट आस्ट्रेलिया भारत के खिलाफ साल के आखिर में चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला को पांच में बदलने के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है ।
भारतीय टीम का आस्ट्रेलिया दौरा अक्टूबर में टी20 त्रिकोणीय श्रृंखला से शुरू होगा और दिसंबर में चार मैचों की टेस्ट श्रृंखला से खत्म होगा । इस बीच में टी20 विश्व कप है जो 18 अक्टूबर से शुरू होगा लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे लेकर अनिश्चितता की स्थिति है ।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया के सीईओ केविन राबर्टस ने एएपी से कहा ,‘‘ अंतरराष्ट्रीय सत्र पर पड़े प्रभाव की बात करे तो हमें लाखों डॉलर का नुकसान हुआ है । हम इसकी भरपाई के लिये पूरी कोशिश कर रहे हैं । हम तमाम विकल्पों पर विचार कर रहे हैं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ हमारे पास अभी समय है । भारत के खिलाफ श्रृंखला के दौरान विभिन्न विकल्पों पर गौर किया जा रहा है । इस समय हम किसी संभावना से इनकार नहीं कर रहे ।’’
दर्शकों के बिना टी20 विश्व कप कराने पर भी विचार हो रहा है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ इससे भले ही आर्थिक फायदा नहीं होगा लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सत्र के लिये यह जरूरी है । प्रसारण अधिकारों से मिलने वाला राजस्व आईसीसी और पूरे क्रिकेट जगत के लिये अहम है । हम टी20 विश्व कप कराने की पूरी कोशिश करेंगे ।’’
कोरोना महामारी के चलते खेल ठप हो चुके हैं और क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने 30 जून को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के बाकी हिस्से के लिये अपने 80 प्रतिशत स्टाफ को छुट्टी दे दी है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2020 03:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

