नयी दिल्ली, 15 जनवरी सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रचनात्मक स्वायत्तता की रविवार को जोरदार वकालत की और कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर सामग्री की निगरानी के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं।
ठाकुर ने साप्ताहिक पत्रिका ‘पांचजन्य’ की 75वीं वर्षगांठ समारोह में कहा, ‘‘रचनात्मकता पर लगाम नहीं लगायी जानी चाहिए, उसमें स्वायत्तता होनी चाहिए। लेकिन यह इतनी भी ज्यादा नहीं होनी चाहिए कि कुछ भी दिखाया जा सके। हमने पर्याप्त प्रावधान रखे हैं और आज तक वे ठीक काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपायों के साथ रचनात्मक स्वायत्तता आवश्यक है लेकिन इसका दुरुपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
ठाकुर ने कहा कि मंत्रालय को ओवर-द-टॉप (ओटीटी) प्लेटफॉर्म पर सामग्री के बारे में शिकायतें मिलती हैं, लेकिन लगभग 95 प्रतिशत शिकायतों का समाधान निर्माताओं के स्तर पर किया जाता है, जबकि अन्य का समाधान सामग्री के प्रकाशकों के संघ के दूसरे चरण में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि अंतर विभागीय समिति तक केवल एक प्रतिशत शिकायतें पहुंचती हैं और यह सुनिश्चित किया जाता है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए।
ठाकुर ने कहा कि कुछ मामलों में सामग्री को प्लेटफॉर्म से हटा भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि फर्जी खबरों को फैलाने वालों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है और सरकार इस संबंध में मध्य प्रदेश के एक यूट्यूब चैनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY