नयी दिल्ली, आठ फरवरी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद एम आरिफ ने बृहस्पतिवार को सरकार से मांग की कि 14 फरवरी को ‘काऊ हग डे’ मनाने की भारतीय पशु कल्याण बोर्ड की सलाह को वापस लिया जाना चाहिए।
माकपा सांसद ने लोकसभा में वर्ष 2023-24 के लिए केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि वित्त मंत्री ने बजट में पशुधन विभाग के लिए 4327 करोड़ रुपये का आवंटन किया है।
उन्होंने कहा कि हाल में पशु कल्याण बोर्ड ने ‘गौमाता को हग करने’ का दिन मनाने का सुझाव दिया है। आरिफ ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि हजारों आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ता इसका अनुसरण करेंगे।’’
सांसद ने व्यंग्यात्मक अंदाज में यह भी कहा कि वित्त मंत्री को पशुधन विभाग के आवंटन में कुछ राशि और जोड़नी चाहिए जो ‘‘गाय को गले लगाने के दौरान चोटिल होने वाले कार्यकर्ताओं के इलाज में काम आएगी।’’
उन्होंने कहा कि सरकार को उनकी ‘‘इस राय पर अमल करना चाहिए या ऐसा संभव नहीं है तो फिर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को केंद्रीय पशुपालन विकास मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला पर इस तरह के नोटिस को वापस लेने का दबाव बनाना चाहिए।’’
गौरतलब है कि भारतीय पशु कल्याण बोर्ड ने एक नोटिस जारी कर लोगों से 14 फरवरी को ‘‘काऊ हग डे’’ मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि हर साल 14 फरवरी को ‘‘वैलेंटाइन डे’’ मनाया जाता है।
पशुपालन और डेयरी विभाग के तहत आने वाले बोर्ड द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है, ‘‘सभी गाय प्रेमी गौ माता की महत्ता को ध्यान में रखते हुए तथा जिंदगी को खुशनुमा और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण बनाने के लिए 14 फरवरी को काऊ हग डे मना सकते हैं।’’
नोटिस में कहा गया है कि गायों को गले लगाने से ‘‘भावनात्मक संपन्नता’’ आएगी और ‘‘सामूहिक प्रसन्नता’’ बढ़ेगी।
अधिकारियों ने बताया कि सक्षम प्राधिकरण की स्वीकृति से नोटिस जारी किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY