देश की खबरें | भाकपा सांसद का जयशंकर को पत्र, निमिषा प्रिया को फांसी से बचाने के लिए हर संभव मदद का आग्रह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सदस्य पी. संदोष कुमार ने बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर आग्रह किया कि यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी पर रोक लगवाने के लिए हर संभव कूटनीतिक और मानवीय प्रयास किए जाएं।
नयी दिल्ली, 10 जुलाई भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सदस्य पी. संदोष कुमार ने बृहस्पतिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर आग्रह किया कि यमन में भारतीय नर्स निमिषा प्रिया की फांसी पर रोक लगवाने के लिए हर संभव कूटनीतिक और मानवीय प्रयास किए जाएं।
जयशंकर को लिखे पत्र में सांसद ने कहा कि खबरों से पता चला है कि प्रिया को कुछ ही दिनों में फांसी दी जा सकती है।
कुमार ने कहा, ‘‘निमिषा प्रिया के मामले ने न केवल जनता की अंतरात्मा को झकझोर दिया है, बल्कि कानूनी सुरक्षा उपायों की कमी और उसके साथ हुई मानवीय पीड़ा के पहलुओं को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा की हैं।’’
उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि प्रिया आजीविका की तलाश में यमन गई थीं।
उन्होंने कहा, ‘‘वहां बिताए उनके साल गंभीर कष्टों से भरे रहे और उन्हें व्यापारिक साझेदार के हाथों बार-बार दुर्व्यवहार और ज़बरदस्ती सहनी पड़ी। उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया और उन्हें लगातार भय और शोषण का सामना करना पड़ा।’’
कुमार के अनुसार, इसके बाद जो हुआ वह एक दुखद मोड़ था जिसमें अब उन्हें मौत की सज़ा सुनाई गई है।
उन्होंने आग्रह किया कि भारतीय नर्स को बचाने के लिए हर संभव कूटनीतिक और मानवीय उपाय अपनाए जाए।
केरल के पलक्कड़ जिले की 38 वर्षीय नर्स निमिषा प्रिया को 2017 में अपने यमनी बिजनेस पार्टनर की हत्या का दोषी ठहराया गया था। उन्हें 2020 में मौत की सजा सुनाई गई और 2023 में उनकी अंतिम अपील खारिज कर दी गई।
वह वर्तमान में यमन की राजधानी सना की एक जेल में कैद हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 03:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

