देश की खबरें | भाकपा सांसद ने केंद्र से फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ में किए गए ‘झूठे दावों’ की जांच का आग्रह किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य बिनॉय विश्वम ने केंद्र से विवादास्पद हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ में किए जा रहे ‘झूठे दावों’ की जांच करने का आग्रह किया है।
तिरुवनंतपुरम, तीन मई भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य बिनॉय विश्वम ने केंद्र से विवादास्पद हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ में किए जा रहे ‘झूठे दावों’ की जांच करने का आग्रह किया है।
विश्वम ने दावा किया कि इस फिल्म का मकसद इस दक्षिणी राज्य और उसके लोगों की छवि खराब करना है।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को भेजे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म निराधार दावों, फर्जी खबरों और ‘इस्लामोफोबिक’ दुष्प्रचार पर आधारित है।
विश्वम ने पत्र में यह भी कहा कि फिल्म में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों- वी.एस. अच्युतानंदन और ओमान चांडी द्वारा दिए गए बयानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया और इनकी गलत व्याख्या की गई।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को बदनाम करने के लिए अच्युतानंदन के बयान का गलत तरह से अनुवाद किया गया और चांडी ने न तो कभी धर्मांतरण के किसी वार्षिक आंकड़े का उल्लेख किया, न ही उन्होंने महिलाओं के आईएसआईएस में शामिल होने या जबरन धर्मांतरण का उल्लेख किया।
गौरतलब है कि सुदिप्तो सेन के निर्देशन वाली फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ को लेकर केरल में राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया है। फिल्म में कथित तौर पर व्यवस्थित रूप से धर्मांतरित की गईं और कट्टरपंथी बनाई गई हजारों निर्दोष महिलाओं की सच्चाई को सामने लाने का दावा किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)