देश की खबरें | भाकपा ने केंद्र से 14 लाख रिक्त पदों को भरने की मांग की

विजयवाड़ा, 17 अक्टूबर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने केंद्र सरकार के विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में करीब 14 लाख खाली पद तत्काल भरने की केंद्र से मांग की।

उसने केंद्र सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) का निजीकरण रोकने की भी मांग की।

भाकपा ने सोमवार को यहां अपनी 24वीं राष्ट्रीय कांग्रेस में पारित एक प्रस्ताव में आरोप लगाया, ‘‘देश के दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं और नौकरियां मांग रहे हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक सरकार मूक दर्शक की तरह बैठी हुई है और केंद्रीय विभागों तथा पीएसयू में पदों को भरने के लिए कदम नहीं उठा रही है।’’

उसने दावा किया कि रेलवे, रक्षा, डाक और केंद्र सरकार के अन्य विभागों में 10 लाख पद खाली पड़े हैं। इसके अलावा पीएसयू में चार लाख पद रिक्त हैं।

इस बीच, पार्टी के महासचिव डी राजा ने कहा कि भाकपा अपना शतवर्षीय उत्सव पहले ही मनाएगी। हालांकि, पार्टी की स्थापना के 100 वर्ष 2025 में पूरे होंगे।

उन्होंने एक प्रस्ताव पेश करते हुए लोगों से पहले ही इसका जश्न मनाने का आह्वान किया।

भाकपा की स्थापना 26 दिसंबर 1925 को कानपुर में हुई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)