देश की खबरें | कोविड-19 : इंदौर के कैफे में लगा टीकाकरण शिविर, टीका लगवाने वालों के लिए चाय-सैंडविच मुफ्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. देश में कोविड-19 रोधी टीकों की दी गई खुराकों की संख्या 100 करोड़ के पार पहुंचने के जश्न के तहत बृहस्पतिवार को इंदौर के एक कैफे में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में टीका लगवाने वाले लोगों को कैफे की ओर से मुफ्त चाय और सैंडविच भी परोसा गया।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 अक्टूबर देश में कोविड-19 रोधी टीकों की दी गई खुराकों की संख्या 100 करोड़ के पार पहुंचने के जश्न के तहत बृहस्पतिवार को इंदौर के एक कैफे में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में टीका लगवाने वाले लोगों को कैफे की ओर से मुफ्त चाय और सैंडविच भी परोसा गया।
चश्मदीदों ने बताया कि कैफे में टीकाकरण शिविर के दौरान स्थानीय कलाकारों ने गीत-संगीत तथा मिमिक्री की प्रस्तुतियां दीं और टीका लगवाने आए लोगों का मनोरंजन किया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता ने बताया कि विजय नगर क्षेत्र में कैफे चलाने वाले स्थानीय कारोबारी हिमांशु सोनी की पहल पर यह टीकाकरण शिविर लगाया गया।
सोनी ने कहा, "देश में कोविड-19 रोधी टीकों की दी गई खुराकों की संख्या 100 करोड़ के पार पहुंचना वैश्विक कीर्तिमान है और इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए हमने अपने कैफे में टीकाकरण शिविर का आयोजन किया।"
उन्होंने कहा, "हमने टीका लगवाने वाले लोगों को मुफ्त चाय और सैंडविच परोसा ताकि हम ज्यादा से ज्यादा व्यक्तियों को टीकाकरण के प्रति प्रोत्साहित कर सकें।"
अधिकारियों ने बताया कि इंदौर जिले में पात्र आयु वर्गों के 29.12 लाख लोगों को महामारी रोधी टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है और इनमें शामिल 16.51 लाख लोग टीके की दूसरी खुराक भी ले चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में पात्र आयु वर्गों के करीब 28 लाख लोगों को महामारी रोधी टीके की दोनों खुराक देने का लक्ष्य तय किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)