COVID-19 Update: कोरोना संक्रमण के दैनिक मामले 209 दिनों में सबसे कम, 18346 नए मरीज मिले
भारत में कोविड-19 के 18,346 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,38,53,048 पर पहुंच गयी. 209 दिनों में संक्रमण के ये सबसे कम मामले हैं. उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,52,902 हो गयी जो 201 दिनों में सबसे कम है.
नयी दिल्ली, 5 अक्टूबर : भारत में कोविड-19 के 18,346 नए मामले सामने आए जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,38,53,048 पर पहुंच गयी. 209 दिनों में संक्रमण के ये सबसे कम मामले हैं. उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,52,902 हो गयी जो 201 दिनों में सबसे कम है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मंगलवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 263 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 4,49,260 पर पहुंच गयी है. कोरोना वायरस के मामलों में दैनिक वृद्धि लगातार 11वें दिन 30,000 से कम बनी हुई है. मंत्रालय ने बताया कि उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.75 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.93 प्रतिशत है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है. आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 11,556 की कमी दर्ज की गयी है. सोमवार को कोविड-19 का पता लगाने के लिए 11,41,642 नमूनों की जांच की गयी जिससे देश में अभी तक जांच किए गए नमूनों की संख्या 57,53,94,042 पर पहुंच गयी है.
मंत्रालय ने बताया कि संक्रमण की दैनिक दर 1.61 प्रतिशत दर्ज की गयी जो पिछले 36 दिनों से तीन प्रतिशत से कम पर बनी हुई है. साप्ताहिक संक्रमण दर 1.66 फीसदी दर्ज की गयी. यह पिछले 102 दिनों से तीन प्रतिशत से कम पर बनी हुई है. इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 3,31,50,886 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.33 फीसदी है. देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 91.51 करोड़ खुराक दी जा चुकी है. देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे. देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे. यह भी पढ़ें : Priyanka Gandhi ने PM Modi से पूछा, बिना ऑर्डर-FIR के मुझे 28 घंटे से हिरासत में रखा है, जबकी किसानों को कुचलने वाले की गिरफ्तारी अब तक नहीं, क्यों?
आंकड़ों के अनुसार, देश में जिन 263 और मरीजों ने जान गंवाई है उनमें से 149 की मौत केरल में और 26 की महाराष्ट्र में हुई. अभी तक देश में 4,49,260 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से 1,39,233 लोगों की मौत महाराष्ट्र में, 37,832 की कर्नाटक, 35,666 की तमिलनाडु, 25,526 की केरल, 25,088 की दिल्ली, 22,894 की उत्तर प्रदेश और 18,837 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल में हुई. स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 05, 2021 10:56 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

