कोविड-19 के दौरान चिकित्सकों का प्रशिक्षण बढ़ाने के एनबीई के फैसले पर रोक लगाने से अदालत का इनकार
अदालत ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से यह (प्रशिक्षण) प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुआ है।
नयी दिल्ली, 29 अप्रैल दिल्ली उच्च न्यायालय ने ‘डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड’ (डीएनबी) के अंतिम वर्ष के चिकित्सकों के प्रशिक्षण की अवधि छह हफ्ते के लिये या अगले नोटिस तक बढ़ाने के राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीई) के फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।
अदालत ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से यह (प्रशिक्षण) प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुआ है।
उच्च न्यायालय ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये सुनवाई करते हुए कहा कि अस्पतालों के कामकाज और डीएनबी/ फेलोशिप नेशनल बोर्ड (एफएनबी) छात्रों को प्रशिक्षण प्रदान करने के बीच गुणात्मक एवं मात्रात्मक अंतर हैं तथा महामारी के दौरान चिकित्सकों पर काम के बोझ की तुलना सामान्य समय में उनके द्वारा किये जाने वाले कामकाज से नहीं की जा सकती है।
एनबीई केंद्रीय स्वास्थ्य परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्था है। इसकी स्थापना मेडिकल शिक्षा को बेहतर करने के लिये की गई थी। यह स्नात्तकोत्तर एवं पोस्ट-डॉक्टरल परीक्षाओं का संचालन करता है। एनबीई द्वारा प्रदान की जाने वाली डिग्रियों को डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड कहा जाता है।
डीएनबी स्नात्तकोत्तर या पोस्ट-डॉक्टरल डिप्लोमा है जिसमें प्रशिक्षण तीन साल का होता है और एफएनबी एक सुपर स्पेशियलिटी में फेलोशिप है जिसमें प्रशिक्षण दो साल चलता है।
न्यायमूर्ति सी हरि शंकर ने नोटिस के क्रियान्वन पर रोक लगाने की मांग करने वाली याचिका खारिज करते हुए कहा कि इसमें दी गई दलीलों से मैं सहमत नहीं हूं।
याचिकाकर्ता एनबीअई द्वारा संचालित डीएनबी पाठ्यक्रम के तीसरे/ अंतिम वर्ष के रेजीडेंट डॉक्टर हैं।
उन्होंने एनबीअई की नोटिस को चुनौती दी थी जिसमें कहा गया है कि उनका प्रशिक्षण कोविड-19 महामारी से प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुआ है और डीएनबी/एफएनबी के उन छात्रों के प्रशिक्षण की अवधि छह हफ्ते के लिये और अगले नोटिस तक बढ़ाने का फैसला लिया गया है, जिनका कार्यकाल एक अप्रैल और 30 जून 2020 के बीच समाप्त हो रहा है।
अदालत ने यह आदेश 27 अप्रैल को दिया था और इसे अदालत की वेबसाइट पर बुधवार को लगाया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2020 08:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

