एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अदालत ने पहलवान सुशील कुमार को स्वास्थ्य के आधार पर दी एक हफ्ते की अंतरिम जमानत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली की एक सत्र अदालत ने बुधवार को ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को चिकित्सा के आधार पर एक सप्ताह की अंतरिम जमानत दी।

देश की खबरें | अदालत ने पहलवान सुशील कुमार को स्वास्थ्य के आधार पर दी एक हफ्ते की अंतरिम जमानत

नयी दिल्ली, 19 जुलाई दिल्ली की एक सत्र अदालत ने बुधवार को ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को चिकित्सा के आधार पर एक सप्ताह की अंतरिम जमानत दी।

कुमार पर दो वर्ष पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन सागर धनखड़ की हत्या का आरोप है और दो जून 2021 से न्यायिक हिरासत में है।

अदालत ने कुमार का लिगामेंट (स्नायु) फटे होने का संज्ञान लेते हुए उसे राहत प्रदान की।

रोहिणी जिला अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुशील कुमार ने कहा, ''याचिकाकर्ता या आरोपी की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह आदेश दिया जाता है कि उसे 23 जुलाई से 30 जुलाई तक एक सप्ताह की अवधि के लिए अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाए। उसे केवल एक लाख रुपये के निजी बॉण्ड और समान राशि के दो जमानतदार प्रस्तुत करने पर रिहा किया जाए।''

न्यायाधीश ने कहा कि याचिका इसलिए दायर की गई, क्योंकि कुमार को दाहिने घुटने के पास लिगामेंट में चोट आई है और 26 जुलाई को इसकी सर्जरी की जानी है।

उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी (आईओ) ने स्वास्थ्य दस्तावेजों की पुष्टि की है और आरोपी पहलवान को सलाह दी गई है कि वह 23 जुलाई को पुसा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हो जाएं।

अदालत ने उसे राहत देते हुए कहा कि गवाहों की धमकी को ध्यान में रखते हुए और कुमार की सुरक्षा को देखते हुए, कम से कम दो सुरक्षाकर्मी चौबीसों घंटे उनके साथ मौजूद रहेंगे।

इसमें कहा गया है कि सुरक्षाकर्मियों की तैनाती का खर्च आरोपी के परिवार द्वारा वहन किया जाएगा और उक्त राशि संबंधित जेल अधीक्षक के पास अग्रिम रूप से जमा की जाएगी।

अदालत ने कहा, ''सुशील कुमार को निर्देश दिया जाता है कि वह अभियोजन पक्ष के गवाहों को न धमकाए, साथ ही साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न करे और किसी अन्य अपराध में शामिल न हों। आईओ की मांग पर आरोपी अपनी लाइव लोकेशन साझा करे।''

अदालत ने कहा कि निर्देशों का उल्लंघन करने पर जमानत निरस्त हो जाएगी।

कथित संपत्ति विवाद में कुमार पर कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर चार मई, 2021 को राष्ट्रीय राजधानी के छत्रसाल स्टेडियम की पार्किंग में सागर धनखड़ और उनके दोस्तों- जय भगवान और भगत पर हमला करने का आरोप है।

धनखड़ की बाद में चोटों के कारण मौत हो गई, जिसके बाद कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।

एक अदालत ने 12 अक्टूबर को कुमार और 17 अन्य के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप तय किए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2023 11:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).