देश की खबरें | भ्रष्टाचार कांग्रेस सरकार के दौरान पनपा: हरियाणा के मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के शासनकाल में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा था और कांग्रेस पार्टी ‘‘कमीशन के लिए काम करने के लिए जानी जाती है।’’
चंडीगढ़, 18 अगस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के शासनकाल में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा था और कांग्रेस पार्टी ‘‘कमीशन के लिए काम करने के लिए जानी जाती है।’’
कांग्रेस के ‘हरियाणा मांगे हिसाब’ अभियान पर निशाना साधते हुए सैनी ने पार्टी पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस के पास कहने के लिए कोई विकास कार्य नहीं है।
हरियाणा में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए सैनी ने कहा, ‘‘जब विपक्ष के पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है तो वे ‘हिसाब यात्रा’ निकाल रहे हैं। हुड्डा साहब, हम लोगों को नियमित रूप से हिसाब देते हैं।’’
मुख्यमंत्री ने यमुनानगर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैंने हुड्डा जी से किसानों से जुड़े सवाल समेत कई चीजें पूछीं, लेकिन उन्होंने उनमें से एक का भी जवाब नहीं दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं हुड्डा जी से कहना चाहता हूं कि वे सत्ता में आने के सपने देखते रह सकते हैं, लेकिन चार अक्टूबर को भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाएगी।’’
राज्य में विधानसभा चुनाव एक अक्टूबर को होंगे और नतीजे चार अक्टूबर को घोषित किये जायेंगे।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस की राज्य इकाई में अंदरूनी कलह है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दो गुट हैं जिसमें एक तरफ रणदीप सुरजेवाला व सैलजा कुमारी हैं, तो दूसरी तरफ भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा हैं।
सैनी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार पनपा जिसे ‘कमीशन’ के लिए काम करने के लिए जाना जाता था, जबकि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार राज्य में समान विकास हासिल करने के लिए ‘मिशन मोड’ में काम कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)