कोरोना वायरस : रेड जोन में शामिल इंदौर में मृतकों की संख्या 74 पर पहुंची, कुल 1,545 संक्रमित
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शनिवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित पायी गयीं दो महिलाओं ने जिले के अलग-अलग अस्पतालों में पिछले छह दिन के दौरान आखिरी सांस ली। दोनों महिलाओं की उम्र 55-55 वर्ष की थी।
इंदौर (मध्य प्रदेश), दो मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से दो और मरीजों की मौत की पुष्टि की गयी है। इसके साथ ही, जिले में इस वायरस के संक्रमण के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 74 पर पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शनिवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित पायी गयीं दो महिलाओं ने जिले के अलग-अलग अस्पतालों में पिछले छह दिन के दौरान आखिरी सांस ली। दोनों महिलाओं की उम्र 55-55 वर्ष की थी।
उन्होंने बताया कि इनमें से एक महिला गंभीर एनीमिया की पुरानी बीमारी से पीड़ित थी, जबकि दूसरी महिला उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पहले ही जूझ रही थी।
सीएमएचओ ने बताया कि रेड जोन में शामिल जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 32 और मरीज मिलने के बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,513 से बढ़कर 1,545 पर पहुंच गयी है। इनमें से 250 से ज्यादा मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि शनिवार सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.79 प्रतिशत थी। हालांकि, पिछले 23 दिन के दौरान इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गयी है।
इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 10:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

