महाराष्ट्र में आज भी कोरोना के 10 हजार से ज्यादा नए केस, 22 लाख के पार पहुंचे संक्रमण के मामले
महाराष्ट्र में शनिवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के 10000 से अधिक नये मरीज सामने आने से संक्रमितों की संख्या 22,08,586 तक पहुंच गयी.
मुंबई, छह मार्च: महाराष्ट्र में शनिवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के 10000 से अधिक नये मरीज सामने आने से संक्रमितों की संख्या 22,08,586 तक पहुंच गयी. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विदर्भ, पुणे और मुम्बई में तेजी से नये मामले सामने आने से पिछले 13 दिनों में एक लाख मामले जुड़े हैं. विभाग के मुताबिक राज्य में 10,187 नये मामले सामने आये. वहीं, 47 और लोगों की मौत होने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 52440 हो गई.
महाराष्ट्र में 21 फरवरी को संक्रमितों की संख्या 21 लाख को पार कर गयी. उससे पहले करीब 31 दिनों में एक लाख नये मामले जुड़े थे. विदर्भ क्षेत्र तथा मुम्बई एवं पुणे में तेजी से नये मामले बढ़ने से 21 फरवरी के बाद महज 13 दिनों में एक लाख नये मरीज आंकड़े में जुड़ गये और यह शनिवार को यह संख्या 22 लाख के पार चली गयी.
विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 6080 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ ही राज्य में अब तक 20,62,031 रोगी ठीक हो चुके हैं. विभाग के अनुसार, फिलहाल 92,897 मरीज उपचाराधीन हैं तथा मरीजों के स्वस्थ होने की दर 93.36 फीसदी है. मरीजों की मौत की दर 2.37 फीसद है.
मुंबई में शनिवार को कोरोना वायरस के 1,188 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,32,208 हो गई, जबकि इस महामारी से पांच लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 11,500 पर पहुंच गई.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 06, 2021 10:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

