बिहार में कोरोना वायरस संक्रमित मामलों की संख्या बढकर 126 हुई
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि मुंगेर में 7, बक्सर में 4 तथा पटना एवं रोहतास में एक—एक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले प्रकाश में आए हैं।
पटना, 21 अप्रैल बिहार में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 13 नये मामले सामने आने के साथ प्रदेश में कोविड-19 से संक्रमित मामले अब बढकर 126 हो गये हैं।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने मंगलवार को बताया कि मुंगेर में 7, बक्सर में 4 तथा पटना एवं रोहतास में एक—एक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले प्रकाश में आए हैं।
उन्होंने बताया कि मुंगेर जिले में सात कोरोना वायरस संक्रमण के जो सात मामले प्रकाश में आए हैं उनमें तीन पुरुष (28, 34 एवं 36 साल) चार महिलाएं (20, 28, 34 एवं 37 वर्ष) शामिल हैं।
कुमार ने बताया कि बक्सर जिले में जो चार कोरोना वायरस संक्रमण के मामले प्रकाश में आए हैं उनमें एक पुरुष :32: तथा तीन महिलाएं :12, 12 एवं 39 वर्ष: शामिल हैं ।
उन्होंने बताया कि पटना में एक पुरुष :31: तथा रोहतास में एक महिला :60: में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है ।
संजय ने बताया कि मुंगेर, बक्सर और पटना में जो कोरोना वायरस संक्रमण के मामले आज प्रकाश में आए हैं, वे पूर्व में इस रोग से ग्रसित लोगों के संपर्क के हैं।
उन्होंने बताया कि रोहतास में जिस महिला में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है, उसके संपर्क के बारे में पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि पटना एम्स में कोरोना संक्रमित मुंगेर जिला निवासी एक मरीज की गत 21 मार्च को तथा वैशाली जिला निवासी एक मरीज की शुक्रवार को मौत हो गयी थी ।
बिहार के कुल 38 जिलों में से 15 जिलों में कोविड 19 के मामले अब तक प्रकाश में आए हैं।
सिवान में सबसे अधिक 29 मामले, नालंदा में 28, मुंगेर में 27, बेगुसराय 9, पटना में 8, गया में 5, बक्सर में 8, गोपालगंज एवं नवादा में तीन—तीन तथा सारण, लखीसराय, भागलपुर, वैशाली, भोजपुर एवं रोहतास में एक—एक मामले प्रकाश में आए हैं।
ओमान से लौटे सिवान निवासी एक मरीज के संपर्क में बीते दिनों आने से अब तक 23 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है ।
वहीं कतर से लौटे मुंगेर निवासी एक मरीज जिसकी 21 मार्च को पटना एम्स में मौत हो गयी थी, के संपर्क में बीते दिनों में 64 व्यक्ति आए थे जिनमें से 55 के नमूने जांच के लिए आरएमआरआई में भेजे गये थे, जिसमें से 11 में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी ।
उल्लेखनीय है कि बिहार में एक महीने पूर्व 22 मार्च को कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला प्रकाश में आया था जबकि पिछले 24 घंटों के भीतर जितने मामले प्रकाश में आए हैं वह कुल मामलों का लगभग एक चौथाई है।
बिहार के नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 17 नए मामले प्रकाश में आए थे ।
बिहार में अब तक 11999 कोरोना संदिग्ध नमूनों की जांच की जा चुकी है और कोरोना संक्रमित 42 मरीज ठीक भी हुए हैं।
अनवर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2020 09:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

