कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों का आंकड़ा 63 पर पहुंचा, 165 नये मरीज
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित तीन मरीजों की पिछले तीन दिन में शहर के अलग-अलग अस्पतालों में मौत हुई। इनमें 60 वर्षीय महिला, 60 वर्षीय पुरुष और 63 वर्षीय पुरुष शामिल हैं।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 27 अप्रैल देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से तीन और मरीजों की मौत की सोमवार देर रात पुष्टि की गयी। नतीजतन जिले में महामारी की जद में आने के बाद दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 63 हो गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमित तीन मरीजों की पिछले तीन दिन में शहर के अलग-अलग अस्पतालों में मौत हुई। इनमें 60 वर्षीय महिला, 60 वर्षीय पुरुष और 63 वर्षीय पुरुष शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि तीनों मरीजों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), हृदय संबंधी विकार और अन्य पुरानी बीमारियां भी थीं।
सीएमएचओ ने बताया कि इंदौर के साथ ही पुडुचेरी और अहमदाबाद की प्रयोगशालाओं से आयी रिपोर्टों में जिले में कोविड-19 के 165 नये मरीज मिले हैं। इसके बाद इनकी तादाद 1,207 से बढ़कर 1,372 पर पहुंच गयी है। इनमें से 134 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
आंकड़ों की गणना के मुताबिक, जिले में कोविड-19 के मरीजों की मरीजों की मृत्यु दर सोमवार देर रात तक की स्थिति में 4.59 प्रतिशत थी। जिले में इस महामारी के मरीजों की मृत्यु दर पिछले कई दिन से राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बनी हुई है।
इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
हर्ष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2020 11:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

