कोरोना वायरस : इंदौर में मृतकों की संख्या 90 हुई, अब तक 1,935 लोग संक्रमित
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने सोमवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 67 वर्षीय महिला ने आठ मई को यहां एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 11 मई देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से एक और मरीज की मौत की पुष्टि की गयी है। इसके साथ ही, जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 90 पर पहुंच गयी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने सोमवार को बताया कि कोविड-19 से संक्रमित 67 वर्षीय महिला ने आठ मई को यहां एक निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 से दम तोड़ने वाली महिला मोटापे के साथ ही उच्च रक्तचाप, थायराइड, श्वसन तंत्र संबंधी रोग (सीओपीडी) व अन्य बीमारियों से पहले ही जूझ रही थी।
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 77 और मरीज मिले हैं। इसके बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,858 से बढ़कर 1,935 पर पहुंच गयी है। हालांकि, इनमें से 898 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में सोमवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.65 प्रतिशत थी।
हालांकि, गुजरे 32 दिन में मृत्यु दर में सिलसिलेवार रूप से गिरावट दर्ज की गयी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक नौ अप्रैल की सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 10.33 प्रतिशत थी।
इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।
हर्ष
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2020 10:39 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

