एजेंसी न्यूज

कोरोना वायरस : इंदौर में मृतक संख्या 86 हुई, अब तक 1,727 लोग संक्रमित

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शुक्रवार को बताया कि पिछले दो दिन में कोविड-19 से संक्रमित तीन मरीजों ने शहर के अलग-अलग अस्पतालों में आखिरी सांस ली.

कोरोना वायरस : इंदौर में मृतक संख्या 86 हुई, अब तक 1,727 लोग संक्रमित
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

इंदौर: देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से तीन और मरीजों की मौत हो गयी है. इसके साथ ही, जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 86 पर पहुंच गयी है. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शुक्रवार को बताया कि पिछले दो दिन में कोविड-19 से संक्रमित तीन मरीजों ने शहर के अलग-अलग अस्पतालों में आखिरी सांस ली. उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के शिकार मरीजों में 82, 63 और 40 वर्ष के तीन पुरुष शामिल हैं. ये लोग अलग-अलग पुरानी बीमारियों से पहले ही जूझ रहे थे.

सीएमएचओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 28 और मरीज मिले. इसके बाद इस महामारी की जद में आये लोगों की तादाद 1,699 से बढ़कर 1,727 पर पहुंच गयी है. हालांकि, इनमें से 663 मरीजों को इलाज के बाद संक्रमणमुक्त होने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है. ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि रेड जोन में शामिल इंदौर जिले में शुक्रवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.98 प्रतिशत थी. यह भी पढ़ें:

हालांकि, 29 दिन पहले की स्थिति की तुलना में इस मृत्यु दर में बड़ी गिरावट दर्ज की गयी है. प्रदेश सरकार के आंकड़ों के मुताबिक नौ अप्रैल की सुबह की स्थिति में जिले में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 10.33 प्रतिशत थी. इंदौर में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2020 10:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).