कोरोना वायरस: 13 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करेगी जोमैटो
कंपनी में लगभग 4,000 कर्मचारी काम करते हैं।
नयी दिल्ली, 15 मई खान-पान से संबंधित ऑनलाइन सेवाएं देने वाली कंपनी जोमैटो ने शुक्रवार को कहा कि वह कोरोना वायरस महामारी के कारण लगभग 13 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है।
कंपनी में लगभग 4,000 कर्मचारी काम करते हैं।
जोमैटो के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) दीपिंदर गोयल ने कहा कि कंपनी के कारोबार के कई पहलुओं में पिछले कुछ महीनों में नाटकीय रूप से बदलाव आया है और इनमें से कई बदलाव स्थायी होने वाले हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम एक अधिक केंद्रित जोमैटो तैयार करना जारी रखेंगे लेकिन हमें अपने सभी कर्मचारियों के लिये पर्याप्त काम मिल पाने की उम्मीद नहीं दिख रही है। हम करीब 13 प्रतिशत कर्मचारियों को आगे अपने साथ रख पाने में सक्षम नहीं होंगे।’’
उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी छंटनी से प्रभावित हुए हैं, उन्हें अगले 24 घंटे के भीतर कंपनी की नेतृत्व टीम से जूम कॉल का निमंत्रण मिलेगा।
इनके अलावा वैसे कर्मचारी जिन्हें अभी निकाला नहीं जा रहा है, लेकिन उनके लिये कंपनी के पास काम नहीं है तो उन्हें 50 प्रतिशत ही वेतन मिलेगा।
गोयल ने कहा कि ऐसे कर्मचारियों से हम उम्मीद करते हैं कि वे अपना पूरा समय और अपनी पूरी ऊर्जा नयी नौकरी खोजने में लगायेंगे।
कंपनी जून से अपने सभी कर्मचारियों के वेतन में 50 प्रतिशत तक कटौती करने जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2020 10:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

