नयी दिल्ली, आठ मई केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक अधिकारी की कोविड-19 संक्रमण से शुक्रवार को मौत हो गयी। इसके साथ ही पांच अर्धसैनिक बलों में इस बीमारी के कारण मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी वहीं इन बलों में संक्रमित लोगों की संख्या 530 से अधिक हो गयी।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीआईएसएफ अधिकारी पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारतीय संग्रहालय की सुरक्षा इकाई में सहायक उप निरीक्षक रैंक के पद पर तैनात थे। अब तक सीआईएसएफ के दो अधिकारियों की मौत कोरोना वायरस संक्रमण से हो चुकी है।
इसके अलावा सीमा सुरक्षा बल के दो और सीआरपीएफ के एक कर्मी की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि बैरक जैसे समूहों में रहना, साझा शौचालयों का उपयोग और वाहनों में कई कर्मियों की एक साथ यात्रा को बलों में संक्रमण फैलने का मुख्य कारण माना जा रहा है।
इन बलों में करीब दस लाख कर्मी हैं। इन बलों ने कोरोना वायरस महामारी पर काबू के लिए कई कदम उठाए हैं और अपने परिसरों को संक्रमणमुक्त किया है। जवानों को दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
बीएसएफ के प्रवक्ता शुभेंदु भारद्वाज ने कहा कि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सभी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि साफ-सफाई के मौजूदा उपकरणों के अलावा इमारतों और प्रतिष्ठानों की सफाई के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया जा रहा है और बल के जवानों को बार-बार जागरूक किया जा रहा है।
पीटीआई- को मिले आंकड़ों के अनुसार, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 530 से अधिक है और हजारों कर्मियों को पृथक-वास में रखा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY