देश की खबरें | कोर्डेलिया क्रूज मादक पदार्थ मामला: सीबीआई ने समीर वानखेड़े को पूछताछ के लिए बुलाया

नयी दिल्ली, 17 मई कोर्डेलिया क्रूज मदक पदार्थ मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान का नाम शामिल नहीं करने के एवज में कथित रूप से 25 करोड़ रुपये मांगने से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए सीबीआई ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े को बृहस्पतिवार को पूछताछ के लिए तलब किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वानखेड़े के इस मामले में मुंबई में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम के समक्ष पेश होने की संभावना है। इस मामले में वानखेड़े के अलावा चार अन्य आरोपी भी हैं।

सोमवार को सार्वजनिक हुई प्राथमिकी के अनुसार, स्वतंत्र गवाह के. पी. गोसावी और प्रभाकर सैल (दिवंगत) को वानखेड़े के कहने पर दो अक्टूबर, 2021 को कोर्डेलिया क्रूज पर एनसीबी के छापे में शामिल किया गया था।

गोसावी और उसके साथी सानविले डिसूजा तथा अन्य ने शाहरुख खान के बेटे आर्यन के परिवार से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये वसूलने के लिए साजिश की और उन्हें (आर्यन को) मादक पदार्थ रखने के जुर्म में फंसाने की धमकी भी दी।

प्राथमिकी में आरोप है कि आर्यन का नाम मामले में शामिल नहीं करने के एवज में गोसावी और डिसूजा 25 करोड़ की जगह 18 करोड़ रुपये की रकम लेने पर मान गए और 50 लाख रुपये का बयाना भी ले लिया, हालांकि बाद में इसमें से कुछ पैसे वापस कर दिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)