विदेश की खबरें | सीओपी28: विकासशील देशों ने जलवायु परिवर्तन से बेहतर ढंग से लड़ने के लिए अमीर देशों पर दबाव डाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. यह वार्षिक जलवायु शिखर सम्मेलन का 28वां संस्करण है, इसलिए इसे सीओपी28 का नाम दिया गया है। शुक्रवार को सम्मेलन में विभिन्न देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राष्ट्राध्यक्षों ने ताप में वृद्धि करने वाले उत्सर्जन को घटाने के लिए अपनी योजनाएं पेश कीं और करीब आती दिख रही जलवायु त्रासदी को रोकने के लिए एक-दूसरे से साथ आने का आग्रह किया।
यह वार्षिक जलवायु शिखर सम्मेलन का 28वां संस्करण है, इसलिए इसे सीओपी28 का नाम दिया गया है। शुक्रवार को सम्मेलन में विभिन्न देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राष्ट्राध्यक्षों ने ताप में वृद्धि करने वाले उत्सर्जन को घटाने के लिए अपनी योजनाएं पेश कीं और करीब आती दिख रही जलवायु त्रासदी को रोकने के लिए एक-दूसरे से साथ आने का आग्रह किया।
विश्व के लगभग 150 नेताओं की उपस्थिति के साथ शुरू हुआ यह सम्मेलन 12 दिसंबर को समाप्त होगा।
शनिवार सुबह का सत्र ज्यादातर विकासशील देशों पर केंद्रित रहा। कई अफ्रीकी नेताओं ने कहा कि उनके महाद्वीप में वर्षावन वायु में अतिरिक्त कार्बन डाइऑक्साइड को सोखने में मदद करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके देश अमीर देशों की तुलना में बहुत कम उत्सर्जन करते हैं।
उप-सहारा अफ्रीका के सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में से एक इक्वेटोरियल गिनी के राष्ट्रपति तेओडोरो ओबियंग न्गुएमा म्बासोगो ने जलवायु कार्रवाई के लिए वित्तपोषण से संबंधित प्रतिबद्धताओं को पूरा करने और उद्योगों से होने वाले उत्सर्जन को रोकने के लक्ष्यों को पूरा करने में विफल रहने पर विकसित देशों की आलोचना की।
उन्होंने कहा, “अफ्रीका दुनिया के उन क्षेत्रों में से एक है जो सबसे अधिक कार्बन सोखता है और ऑक्सीजन उत्सर्जित करता है।”
तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस होर्ता ने बहुपक्षीय ऋण संस्थानों की तरफ से दिए जाने वाले “शार्क लोन” की आलोचना करते हुए कहा कि विकासशील देश भारी ऋण के बोझ से उबर नहीं सकते।
“शार्क लोन” ऊंची ब्याज दरों पर दिए जाने वाले कर्ज के लिए प्रयुक्त किया जाता है।
उन्होंने कहा कि यह ऋण जलवायु परिवर्तन से लड़ने में पैसा खर्च करने और आर्थिक प्रगति की उनकी क्षमता को कमजोर कर सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग सम्मेलन में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। अमेरिका और चीन पर सबसे अधिक प्रदूषण फैलाने के आरोप लगते रहे हैं। बाइडन की जगह अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस शनिवार को सम्मेलन को संबोधित करेंगी।
इस बीच, अमेरिकी जलवायु दूत जॉन केरी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने परमाणु ऊर्जा के विकास पर जोर दिया।
केरी ने कहा, “हमें निवेश करना होगा। ऐसे सौदों पर खरबों डॉलर का निवेश करें जिनपर सहमति बन सकती है, लेकिन बात उतनी तेजी से आगे नहीं बढ़ पा रही जितनी तेजी से बढ़नी चाहिए।”
मैक्रों ने कहा, “मैं यहां इस तथ्य को दोहराना चाहता हूं कि परमाणु ऊर्जा एक स्वच्छ ऊर्जा है और इसका इस्तेमाल किया जाना चाहिए।”
बोलीविया के उपराष्ट्रपति डेविड चोकेहुआंका ने “धरती माता को बचाने और नव-उपनिवेशवादी, पूंजीवादी, साम्राज्यवादी, पितृसत्तात्मक, पश्चिमी संस्कृति के कारण उत्पन्न होने वाले कई संकटों को दूर करने” का आह्वान किया।
उन्होंने कहा, “जलवायु संकट पाखंड और झूठ के लंबे इतिहास में नवीनतम अध्याय है: 'ग्लोबल नॉर्थ' इस वैश्विक असंतुलन के लिए जिम्मेदार है जो हम देख रहे हैं।”
जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्ज ने कहा कि विज्ञान से पता चलता है कि दुनिया को जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए "गति बढ़ाने" की जरूरत है।
हालांकि उन्होंने अधिक उत्साहित स्वर में कहा, “हमारे पास इन चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक चीजें हैं। हमारे पास प्रौद्योगिकियां, पवन ऊर्जा, फोटोवोल्टिक्स, ई-मोबिलिटी, हरित हाइड्रोजन, हैं।”
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)