एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कोलकाता और गंगा घाट के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश का कहर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कम दबाव क्षेत्र के सघन दबाव क्षेत्र में तब्दील होने के कारण पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके पड़ोसी जिलों में शनिवार को लगातार बारिश से हवाई अड्डे सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | कोलकाता और गंगा घाट के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश का कहर

कोलकाता, तीन अगस्त कम दबाव क्षेत्र के सघन दबाव क्षेत्र में तब्दील होने के कारण पश्चिम बंगाल के कोलकाता और उसके पड़ोसी जिलों में शनिवार को लगातार बारिश से हवाई अड्डे सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पड़ोसी शहरों हावड़ा, साल्ट लेक और बैरकपुर में भी यही स्थिति रही। मौसम विभाग ने बताया कि दिनभर स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी।

पुलिस के अनुसार, कोलकाता के मध्य और दक्षिण के कुछ हिस्सों में टखने तक भरने की खबर है हालांकि यातायात बाधित होने की कोई खबर नहीं है।

एक अधिकारी ने बताया कि कोलकाता हवाई अड्डे के अंदर भी जलभराव की खबर है लेकिन इससे उड़ान सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।

उन्होंने कहा, “हवाई पट्टी और टैक्सी के आने-जाने के सभी रास्ते पूरी तरह से चालू हैं। हालांकि, कुछ पार्किंग वाली जगह जलभराव से प्रभावित हैं, जिसके लिए परिचालन क्षेत्र से पानी निकालने के लिए अतिरिक्त पंप लगाए गए हैं।”

शुक्रवार से दमदम में 100 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई जबकि शहर के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में क्रमशः साल्ट लेक में 81.1 मिमी और अलीपुर क्षेत्र में 31.9 मिमी बारिश हुई।

उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र पर बना निम्न दबाव सघन ‘अवदाब’ में बदल गया है। यह धीरे-धीरे बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में सक्रिय मानसून के कारण बारिश हुई है।''

अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, पूर्व बर्धमान, हुगली, नादिया तथा उत्तर और दक्षिण 24 परगना जिलों में अगले 12 घंटों तक बारिश जारी रहेगी।

मौसम विभाग ने बिजली गिरने के साथ-साथ तूफान आने की भी चेतावनी दी है।

कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय जिलों में भारी बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के पुरुलिया, मुर्शिदाबाद, मालदा, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों में तेज बारिश का 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया गया है।

कोलकाता में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम था।

राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता कुणाल घोष ने दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) पर ‘मानव निर्मित बाढ़’ लाने के लिए पानी छोड़ने का आरोप लगाते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “जब झारखंड में जल स्तर बढ़ता है तो डीवीसी पानी छोड़कर बंगाल में स्थिति को और खराब कर देता है। लेकिन पड़ोसी राज्य गर्मियों में उस समय कभी पानी नहीं छोड़ता जब राज्य को सिंचाई और खेती-बाड़ी के कामों के लिए इसकी सबसे ज्यादा जरूरत होती है।”

घोष ने अगले सोमवार को उच्च ज्वार के दौरान जल स्तर बढ़ने की आशंका जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही हैं।

सिंचाई विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पंचेत बांध से 36,000 क्यूसेक, दुर्गापुर बैराज से 70,000 क्यूसेक और दुर्गापुर बैराज से 12,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

डीवीसी सूत्रों ने बताया कि भारी बारिश के बाद, दीवारों को टूटने से बचाने के लिए बैराज से संग्रहित पानी को निकालना पड़ता है।

इस बीच, पश्चिम बर्धमान जिले के अंडाल में काजी नजरुल इस्लाम (केएनआई) हवाई अड्डे से उड़ानों का परिचालन लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी स्थगित रहा।

हवाई अड्डा अभी भी परिचालन के लिए तैयार नहीं है।

हवाई अड्डे के परिसर और उसके आसपास जलभराव के कारण शुक्रवार को परिचालन बंद कर दिया गया था।

इंडिगो एयरलाइंस ने शनिवार को ‘एक्स’ पर बताया, “” दुर्गापुर में लगातार भारी बारिश के कारण हमें आज (शनिवार) के लिए निर्धारित सभी उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। मौजूदा बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में कुछ परिचालन संबंधी चुनौतियां और जलभराव हुआ है।

वहीं ‘बंगाल एयरोट्रोपोलिस प्रोजेक्ट्स लिमिटेड’ (बीएपीएल) के प्रवक्ता ने बताया कि आज (शनिवार) हवाई अड्डे से आने-जाने वाली सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

हवाई अड्डे का निर्माता बीएपीएल है।

प्रवक्ता ने कहा, “हवाई अड्डे के परिसर से पानी निकल गया है और सफाई का काम जारी है। हम रविवार से उड़ान संचालन फिर से शुरू कर सकेंगे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 03, 2024 07:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).