एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों का रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी, सेंसेक्स पहली बार 44,000 अंक के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से शेयर बाजार बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में नए रिकॉर्ड के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 227 अंक और चढ़कर पहली बार 44,000 अंक के पार निकल गया। बैंकिंग, वाहन और इंजीनियरिंग शेयरों में लिवाली से भी बाजार धारणा मजबूत हुई।

जरुरी जानकारी | शेयर बाजारों का रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी, सेंसेक्स पहली बार 44,000 अंक के पार

मुंबई, 18 नवंबर वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से शेयर बाजार बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में नए रिकॉर्ड के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 227 अंक और चढ़कर पहली बार 44,000 अंक के पार निकल गया। बैंकिंग, वाहन और इंजीनियरिंग शेयरों में लिवाली से भी बाजार धारणा मजबूत हुई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 44,215.49 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर तक गया। अंत में सेंसेक्स 227.34 अंक या 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 44,180.05 अंक के नए उच्चस्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स पहली बार 44,000 के पार बंद हुआ है।

यह भी पढ़े | COVID-19 Facts: आपके मन में भी है कोरोना वायरस को लेकर ये सारे भ्रम, पढ़ें और अभी दूर करें.

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 64.05 अंक या 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 12,938.25 अंक पर बंद हुआ। यह इसका नया रिकॉर्ड है। दिन में कारोबार के दौरान निफ्टी 12,948.85 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर तक गया।

सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर सबसे अधिक 10.76 प्रतिशत चढ़ गया। एलएंडटी, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक और कोटक बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर भी लाभ में रहे।

यह भी पढ़े | Stock Market: शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 44,000 के पार, निफ्टी 12,900 के ऊपर.

वहीं दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, टाइटन, टीसीएस और भारती एयरटेल के शेयर 2.07 प्रतिशत तक टूट गए। कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख तथा विदेशी कोषों के सतत प्रवाह से बाजार धारणा मजबूत हुई।

शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,905.35 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

कोविड-19 वैक्सीन के परीक्षण के उत्साहवर्धक नतीजों से वैश्विक बाजारों में भी मजबूती का रुख था। हालांकि, कोरोना वायरस के बढ़ते मामले चिंता का विषय बने हुए हैं।

रिलायंस सिक्योरिटीज के संस्थागत कारोबार प्रमुख अर्जुन यश महाजन ने कहा कि मुख्य रूप से वित्तीय और वाहन कंपनियों के शेयरों में तेजी से घरेलू बाजार लाभ दर्ज कर रहा है। इसके अलावा मिडकैप और स्मॉलकैप में भी अच्छी लिवाली देखने को मिल रही है।

रिजर्व बैंक द्वारा लक्ष्मी विलास बैंक से निकासी की सीमा लगाए जाने के बाद आज बैंक का शेयर 20 प्रतिशत टूटकर निचले सर्किट को छू गया। लक्ष्मी विलास बैंक के रिजर्व बैंक द्वारा नियुक्त प्रशासक टी एन मनोहरन ने बुधवार कहा कि जमाकर्ताओं का पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बैंक का डीबीएस बैंक इंडिया में विलय नियामक द्वारा तय समयसीमा में हो जाएगा।

इस बीच, बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में 1.22 प्रतिशत तक का लाभ रहा।

अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहे। जापान के निक्की में गिरावट आई। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार लाभ में थे।

वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 0.85 प्रतिशत के लाभ से 44.12 डॉलर प्रति बैरल पर था।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 27 पैसे की बढ़त के साथ 74.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

अजय

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 18, 2020 06:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).