एजेंसी न्यूज

दिल्ली में कंटेनर ट्रक पलटकर ऑटो रिक्शा पर गिरा, चार लोगों की मौत

मध्य दिल्ली के आईजीआई स्टेडियम के समीप शनिवार सुबह एक कंटेनर ट्रक पलटकर एक ऑटो रिक्शा पर गिर गया, जिससे ऑटो रिक्शा में सवार चार लोगों की मौत हो गयी.

दिल्ली में कंटेनर ट्रक पलटकर ऑटो रिक्शा पर गिरा, चार लोगों की मौत
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: ANI)

नयी दिल्ली, 18 दिसंबर : मध्य दिल्ली के आईजीआई स्टेडियम के समीप शनिवार सुबह एक कंटेनर ट्रक पलटकर एक ऑटो रिक्शा पर गिर गया, जिससे ऑटो रिक्शा में सवार चार लोगों की मौत हो गयी. पुलिस ने बताया कि ऑटो रिक्शा में से शव निकाले गए और हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दो मृतकों की पहचान शास्त्री पार्क निवासी सुरेंद्र कुमार यादव और उसके रिश्तेदार जय किशोर के रूप में की गयी है.

उन्होंने बताया कि अन्य मृतकों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. घटना के बाद ट्रक का चालक और उसका सहायक मौके से फरार हो गया. पुलिस के एक गश्ती दल ने सुबह करीब छह बजकर 50 मिनट पर दुर्घटना की जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (मध्य) श्वेता चौहान ने बताया कि स्टेडियम के गेट-16 के सामने रिंग रोड पर एक बड़ा ट्रक पलट गया. ऑटो रिक्शा को काटकर शवों को बाहर निकाला गया. शवों को एलएनजेपी अस्पताल भेजा गया है. यह भी पढ़ें : देश की खबरें | हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर कोर्ट ऑफ इंक्वायरी निष्पक्ष होगी, इसमें कुछ हफ्ते लगेंगे: वायुसेना प्रमुख

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान ट्रक के मालिक जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि चावल से लदा यह ट्रक सोनीपत से तुगलकाबाद डिपो आ रहा था. इसमें 35 टन से अधिक वजन का सामान था. पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच चल रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 18, 2021 01:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).