नयी दिल्ली, तीन अगस्त बीजू जनता दल ने दिल्ली में अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापना से जुड़े विधेयक का समर्थन करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि संविधान दिल्ली के संदर्भ में यह विधेयक लाने की अनुमति प्रदान करता है, इसलिए उसने इसका समर्थन करने का निर्णय लिया।
लोकसभा में बीजद के नेता पिनाकी मिश्रा ने ‘राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली क्षेत्र सरकार संशोधन विधेयक 2023’ पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि उनकी पार्टी दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से समान दूरी रखती है और आगे भी इनके खिलाफ लड़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि संविधान संसद को दिल्ली के संदर्भ में कानून बनाने का विशेष अधिकार देता है, ऐसे में उनका दल इस विधेयक का समर्थन करता है।
मिश्रा ने कहा कि इस तरह का विधेयक राजस्थान, ओडिशा जैसे राज्यों के लिए नहीं लाया जा सकता क्योंकि संविधान इसकी अनुमति नहीं देता, जबकि दिल्ली के संदर्भ में देता है।
उन्होंने कहा, ‘‘बीजद सिर्फ कानून बनाने की संसद की शक्ति का समर्थन करती है। हम भाजपा और कांग्रेस से लड़ाई जारी रखेंगे।’’
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के मिथुन रेड्डी ने विधेयक का समर्थन किया।
उन्होंने यह भी कहा कि यह अनोखा विधेयक है और आशा करते हैं कि इसे दूसरे राज्यों में नहीं दोहराया जाएगा।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY