कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश जोड़ने का, भाजपा का राष्ट्रवाद देश तोड़ने का: सचिन पायलट
Photo- X/@SachinPilot

अहमदाबाद, 9 अप्रैल : कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने राष्ट्रवाद के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बुधवार को तीखा प्रहार किया और कहा कि अब समय आ गया है कि धर्म-जाति, , क्षेत्रवाद, पहनावा और खानपान की दुहाई देकर सत्ता को हथियाने वालों को करारा जवाब दिया जाए. उन्होंने यहां कांग्रेस अधिवेशन में पार्टी का प्रस्ताव चर्चा के लिए रखते हुए यह दावा भी किया कि कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश को जोड़ने का, जबकि भाजपा का राष्ट्रवाद देश को तोड़ने का है.

पायलट ने कहा, "देश में जो हालात बने हैं, वो सबके सामने हैं. पिछले दस साल में महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक असमानता और धार्मिक ध्रुवीकरण ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं." उनका कहना था, ‘‘इसलिए कांग्रेस अब नफरत, नकारात्मकता और निराशा के वातावरण को बदलकर न्याय और संघर्ष के रास्ते पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है.’’ पायलट ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "जो लोग राष्ट्रवाद का चोला ओढ़कर वोट बटोरने का काम करते हैं, मैं उन्हें बता दूं कि कांग्रेस पार्टी का जन्म देश की आजादी के लिए हुआ था. कांग्रेस पार्टी के इतिहास में हमारे नेताओं ने जो कुर्बानियां दी हैं, ऐसा कोई दूसरा उदाहरण पूरी दुनिया में नहीं है." यह भी पढ़ें :‘खड़गे जी के लिए अलग कुर्सी क्यों?’: कांग्रेस के अहमदाबाद इवेंट का वीडियो वायरल, बीजेपी ने कांग्रेस को बताया दलित विरोधी (Watch Video)

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस के नेताओं ने देश को अखंड रखने के लिए छाती पर गोलियां खाई हैं, (और) यह कांग्रेस का राष्ट्रवाद है. कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश को जोड़ने का है, जबकि भाजपा का राष्ट्रवाद देश को तोड़ने का है. उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस का राष्ट्रवाद देश की अनेकता को एकता में मिलाने का है और भाजपा का राष्ट्रवाद अनेकता में एकता को खत्म करने का है. पायलट ने कहा कि अब समय आ गया है कि धर्म-जाति, , क्षेत्रवाद, पहनावा और खानपान की दुहाई देकर सत्ता को हथियाने वालों को कड़ा जवाब दिया जाए और आईना दिखाया जाए.