देश की खबरें | बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि कानूनों के खिलाफ किया प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने बेंगलुरु में बुधवार को केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बेंगलुरु, 20 जनवरी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने बेंगलुरु में बुधवार को केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर पहले ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और सड़कों पर अवरोधक भी लगाए गए थे।
राजभवन की घेराबंदी करने के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के आह्वान के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से पार्टी कर्याकर्ता यहां पहुंचे।
उन्होंने प्रदर्शन करने और फिर राज्यपाल वजुभाई वाला को एक ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई है।
शिवकुमार ने प्रदर्शन स्थल ‘फ्रीडम पार्क’ जाने से पहले राज्य सरकार पर प्रदर्शनकारियों को राज्य की राजधानी आने से रोकने का आरोप लगाया।
शिवकुमार ने एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया, ‘‘ मुझे कई फोन आ रहे हैं कि पुलिस किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कल रात से ही रोक रही है।’’
शहर में आने से जिन लागों को रोका जा रहा है, शिवकुमार ने उनसे राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन करने की अपील की ।
उन्होंने कहा, ‘‘ बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पहुंचें और हम जरूर राज भवन घेरेंगे।’’
इस बीच, भाजपा ने प्रदर्शन का उपहास किया और आरोप लगाया कि अपने शासन काल में किसानों के आत्महत्या करने के लिए जिम्मेदार रही कांग्रेस आज केन्द्र के ‘‘किसान समर्थक कानूनों’’ का विरोध कर नौटंकी कर रही है।
भगवा पार्टी ने ट्वीट किया, ‘‘ किसानों के आत्महत्या करने की घटनाएं ना बढ़ी होती, अगर आपने किसानों का साथ दिया होता।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)