देश की खबरें | झारखंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक में मिली जीत का मनाया जश्न

रांची, 13 मई कर्नाटक की सत्ता पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराकर काबिज होने का जश्न पार्टी कार्यकर्ताओं ने झारखंड में भी मनाया।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशे के साथ जश्न मनाया और एक दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाई भी बांटी।

रांची स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने ‘जय बजरंग बली’ और ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, ‘‘कर्नाटक में निर्णायक बहुमत मिलने के बाद हमारी पार्टी वहां सरकार बनाने जा रही है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान ‘बजरंगबली’ का नारा लगाया था। बजरंगबली ने उन्हें सबक सिखाया और राहुल गांधी को अपना आशीर्वाद दिया।’’

ठाकुर ने कहा, ‘‘हमने पूरी ताकत से कर्नाटक चुनाव लड़ा और हम राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की लड़ाई के लिए तैयार हैं। जनता ने कर्नाटक चुनाव के जरिये संदेश दे दिया है कि वे अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने जा रही है।’’

झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता सुप्रीयो भट्टाचार्य ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने चुनाव में भाजपा को करारा जवाब दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सहयोगी कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली जबकि भाजपा कर्नाटक चुनाव में ‘भारत तोड़ो मंत्र’ के साथ उतरी थी। जनता को विभाजित नहीं किया जा सकता है।’’

भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पार्टी जनादेश को स्वीकार करती है और कर्नाटक चुनाव के नतीजों का विश्लेषण करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)