देश की खबरें | विधानसभा चुनाव 2023 में भी कांग्रेस को जीत मिलेगी : बघेल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को दावा किया कि 2023 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को जीत मिलेगी।
रायपुर, 16 अप्रैल छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को दावा किया कि 2023 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को जीत मिलेगी।
बघेल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम सभी को खैरागढ़ उपचुनाव में जीत की उम्मीद थी और परिणाम अपेक्षित रहे। मैं अपने कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि खैरागढ़ उपचुनाव में मिली जीत से साबित हो गया है कि 2023 के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को भारी सफलता मिलने वाली है।’’
उन्होंने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में खैरागढ़ सीट पर कांग्रेस 30 हजार मतों से पीछे रह गई थी, लेकिन उपचुनाव में हमने 20 हजार से अधित मतों के अंतर से जीत दर्ज किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरा सौभाग्य है कि मेरे सवा तीन साल के कार्यकाल में राज्य में चार सीटों पर उपचुनाव में सभी पर कांग्रेस को जीत मिली है। संभवतः मैं पहला मुख्यमंत्री हूं, जिसके कार्यकाल में उसके दल को चार उपचुनावों में लगातार सफलता मिली है।’’
बघेल ने कहा, ‘‘खैरागढ़ में मिली ऐतिहासिक जीत के लिए मैं वहां के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यक्रमों के प्रति एक बार फिर से अपना विश्वास जताया है।’’
बघेल ने कहा कि खैरागढ़ उपचुनाव के दौरान कांग्रेस ने जो घोषणा-पत्र जारी किया है, उन्हें पूरा किया जाएगा।
वहीं, राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने सरकार पर सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा है कि भाजपा जनादेश का सम्मान करती है। साय ने इस दौरान खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विजयी प्रत्याशी को बधाई दी है।
साय ने कहा, ‘‘इस चुनाव में कांग्रेस ने अनैतिकता की हद पार कर दी। कांग्रेस ने शासन-प्रशासन का खुला दुरुपयोग किया। यह चुनाव कांग्रेस ने नहीं बल्कि प्रशासन ने लड़ा। जिसमें सरकारी मशीनरी का सौ फीसदी दुरुपयोग किया गया है। यह कांग्रेस के हथकंडों और अनैतिक दुष्प्रचार की जीत तथा लोकतंत्र की पवित्रता पर डाका है।’’
राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ विधानसभा सीट में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत हासिल की है। कांग्रेस की उम्मीदवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को 20 हजार से भी अधिक मतों से हरा दिया है।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ :जे: के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद से रिक्त इस सीट के लिए 12 अप्रैल को मतदान हुआ था। छत्तीसगढ़ में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद राज्य में लगातार चार उपचुनावों में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
खैरागढ़ विधानसभा सीट में जीत के बाद राज्य के 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के 71 विधायक हो गए हैं। वहीं भाजपा के 14 और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ :जे: तथा बहुजन समाज पार्टी गठबंधन के पांच विधायक हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)