जरुरी जानकारी | कांग्रेस ने मेरे बयान पर स्टार्टअप को गुमराह करने की कोशिश कीः गोयल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी.

नयी दिल्ली, चार अप्रैल वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्टार्टअप महाकुंभ में दिए गए अपने बयान की गलत व्याख्या करने का शुक्रवार को कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल ने भारतीय स्टार्टअप जगत को गुमराह करने का काम किया है।

गोयल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का तंत्र स्टार्टअप फर्मों के लिए उनके संदेश को नहीं समझ पाया, जो उनके नकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है।

गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, “स्टार्टअप के लिए मेरे संदेश को कांग्रेस पार्टी के कुछ सोशल मीडिया हैंडल को छोड़कर सकारात्मक रूप से लिया गया है। कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल विवाद पैदा करने पर तुले हुए हैं, जबकि ऐसा कुछ नहीं है। कुल मिलाकर, मुझे जो प्रतिक्रिया मिली है, वह यह है कि युवा भारतीय दुनिया पर कब्जा करने के लिए तैयार हैं।”

मंत्री की यह टिप्पणी बृहस्पतिवार को यहां स्टार्टअप महाकुंभ में उनके बयान की कांग्रेस और कुछ स्टार्टअप द्वारा की गई आलोचना की पृष्ठभूमि में आई है।

इस कार्यक्रम में गोयल ने भारतीय स्टार्टअप समुदाय से अपना ध्यान किराना आपूर्ति और आइसक्रीम बनाने से हटाकर सेमीकंडक्टर, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे उच्च प्रौद्योगिकी वाले क्षेत्रों पर केंद्रित करने को कहा था।

मंत्री ने बेरोजगार युवाओं को सस्ते श्रम में बदलने के लिए खान-पान की आपूर्ति करने वाले भारतीय स्टार्टअप पर भी सवाल उठाया था।

गोयल के इस बयान पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “पीयूष गोयल ने भारत के स्टार्टअप संघर्षों को स्वीकार किया।”

एक अन्य पोस्ट में, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गोयल ने स्टार्टअप पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के झूठ को उजागर किया।

गोयल ने शुक्रवार को कहा कि उनके संदेश को इस संदर्भ में देखा जाना चाहिए कि सरकार ने देश के स्टार्टअप के लिए एक मजबूत मंच तैयार किया है और उस आधार पर युवा बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार और उत्साहित हैं तथा आत्मविश्वास के साथ नई ऊंचाइयां छूने के लिए आगे बढ़ेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\