एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत व देश को अखंड रखा: गहलोत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को मजबूत व देश को अखंड रखा है। देश में 70 साल में क्या हुआ यह सवाल उठाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर एक तरह से निशाना साधते हुए उन्होंने यह कहा।

देश की खबरें | कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत व देश को अखंड रखा: गहलोत

जयपुर, 20 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस ने देश में लोकतंत्र को मजबूत व देश को अखंड रखा है। देश में 70 साल में क्या हुआ यह सवाल उठाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर एक तरह से निशाना साधते हुए उन्होंने यह कहा।

गहलोत शुक्रवार को ‘सूचना तकनीक से सुशासन’ थीम पर राजस्थान इनोवेशन विज़न (राजीव-2021) के वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

आजादी से पहले व आजादी के बाद देश के विकास में कांग्रेस नेताओं के योगदान व तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि हमारे देश के उन महान नेताओं ने आजादी के पहले और आजादी के बाद भी त्याग किए, बलिदान किए, जेलों में बंद रहे तब जाकर आजादी मिली थी।

उन्होंने कहा, ‘‘कहना बड़ा आसान है कि 70 साल में क्या किया? 70 साल में देश को एक रखा, अखंड रखा, लोकतंत्र को मजबूत रखा। पाकिस्तान की तरह यहां सैनिक शासन नहीं लगने दिया। इसलिए हमारे यहां सरकारें बनती हैं, बदलती हैं और वर्तमान सरकार बनी है तो भी इसलिए बनी है क्योंकि देश में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत रही हैं।’’ गहलोत ने बिना किसी का नाम लिए कहा, ‘‘यह, लोग भूल जाते हैं।’’

नयी पीढ़ी से इतिहास को जानने व उससे सीखने का आह्वान करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘इतिहास वही बना पाते हैं जो इतिहास को समझते हैं, इतिहास से सबक लेते हैं और उससे सीखते हैं और देश की महान परंपराओं को अंगीकार करते हैं।’’

एक तरह से भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘बात तो करते हैं देश की महान परंपराओं की लेकिन व्यवहार में उनसे आलोचना भी सहन नहीं होती। आलोचना को देशद्रोह मान लिया जाता है। जिस रूप में देश चल रहा है उसकी चिंता भी हमें होनी चाहिए।’’

गहलोत ने प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी द्वारा उठाए गए क्रांतिकारी कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि राजीव गांधी ने जो सोच रखी वह इतिहास में दर्ज है।

वहीं मुख्य वक्ता सैम पित्रोदा ने कहा कि आज अगर भारत वैश्विक रूप से अग्रणी स्थिति में है तो उसका मुख्य श्रेय राजीव गांधी को जाता है। पित्रोदा के अनुसार राजीव गांधी की सोच थी कि स्वास्थ्य प्रणाली, शिक्षा, न्याय व वित्तीय प्रणाली में ई-गर्वनेंस के जरिए सुधार किया जाए। पित्रोदा के अनुसार आधुनिक प्रौद्योगिकी व टूल के इस्तेमाल से उत्पादकता वास्तव में बढ़ी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 20, 2021 03:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).