देश की खबरें | कांग्रेस ‘डूबती पार्टी’, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पर श्वेतपत्र लाएगी भाजपा सरकार:माझी

भुवनेश्वर, तीन मार्च ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विपक्षी कांग्रेस को एक ‘‘डूबती पार्टी’’ बताते हुए सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों में कथित वृद्धि पर जल्द ही एक श्वेतपत्र लाएगी।

माझी ने यह टिप्पणी एक मार्च को कांग्रेस समर्थकों द्वारा किए गए आंदोलन के जवाब में की, जिसका नेतृत्व ओडिशा प्रदेश कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष भक्त चरण दास ने किया था। विपक्षी पार्टी ने आरोप लगाया था कि आठ महीने पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद से ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं।

माझी ने मुख्यमंत्री के शिकायत सुनवाई सत्र से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस को सरकार पर निशाना साधने दीजिए। कांग्रेस एक डूबती हुई पार्टी है और वह सुर्खियों में आने के लिए ऐसा (आंदोलन) कर रही है। वह निराधार आरोप लगा रही है। राज्य सरकार जल्द ही इस मुद्दे (महिला अत्याचार) पर एक श्वेतपत्र लाएगी।’’

गृह विभाग का भी प्रभार संभाल रहे माझी ने दावा किया कि पिछली सरकार की तुलना में महिलाओं से जुड़े मामलों की संख्या में भारी कमी आई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी सरकार आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर रही है और उन्हें जेल भेज रही है। अदालत मामलों पर विचार करेगी और आरोपियों को सजा सुनाएगी।’’

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के तौर पर कांग्रेस को ऐसे मुद्दे विधानसभा में प्रश्नकाल, शून्यकाल या स्थगन प्रस्ताव के तौर पर उठाने चाहिए। माझी ने कहा, ‘‘चर्चा होनी चाहिए। हमारी सरकार मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। हम विधानसभा से भागने वाली सरकार नहीं हैं, यह जनता की सरकार है।’’

हालांकि, माझी के बयान पर कांग्रेस नेता टिप्पणी के लिए तत्काल उपलब्ध नहीं थे।

एक मार्च को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के विरोध में शहर में मुख्यमंत्री आवास के पास आंदोलन किया था।

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने तब भाजपा पर निशाना साधते हुए संवाददाताओं से कहा था, ‘‘पिछले आठ महीनों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 1,600 से अधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें 54 सामूहिक बलात्कार के मामले शामिल हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चियां गर्भवती हो रही हैं। भगवान जगन्नाथ की भूमि पर क्या हो रहा है?’’

कांग्रेस ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जांच के लिए पहले ही एक तथ्यान्वेषी दल का गठन कर दिया है। कांग्रेस ने कहा था, ‘‘मलकानगिरि, जाजपुर और क्योंझर जिलों में स्कूली छात्राएं सरकारी छात्रावासों में रहने के दौरान गर्भवती हो गईं। यह कैसे संभव है?’’

दास ने कहा था कि माझी गृहमंत्री के रूप में जिम्मेदारी से बच नहीं सकते, जबकि दास की सहयोगी एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी बहिनीपति ने आरोप लगाया था कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की पीड़ित मुख्य रूप से आदिवासी हैं। उन्होंने कहा था, "हमारे पास मुख्यमंत्री के रूप में एक आदिवासी नेता है, और वह राज्य की लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रहे हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)